विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'गौतम गंभीर तानाशाह हैं', मौका न मिलने पर वैभव सूर्यवंशी के कोच का फूटा गुस्सा

Published: Tue, 13 Oct 2026 08:49 AM (IST)

वैभव सूर्यवंशी के कोच मनीष ओझा ने टीम इंडिया के मैनेजमेंट पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा है कि मौजूदा टीम मैनेजमेंट तानाशाही कर रहा है।

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के युवा सितारे वैभव सूर्यवंशी टी20 इंटरनेशनल में डेब्यू तो कर चुके हैं, लेकिन उनका प्लेइंग-11 में स्थान पक्का नहीं है। इसका कारण अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन की ओपनिंग जोड़ी है जो टीम को विश्व विजेता बना चुकी है। हालांकि, एशियन गेम्स में वैभव को मौका मिला था और उन्होंने अभिषेक के साथ ओपनिंग की थी, लेकिन इस समय वेस्टइंडीज के खिलाफ खेली जा रही टी20 सीरीज में उनको फिर बेंच पर बैठाया गया है जिससे उनके कोच मनीष ओझा नाराज हो गए हैं। उन्होंने टीम मैनेजमेंट पर तानाशाही के आरोप लगा दिए हैं।

वैभव ने इंग्लैंड के खिलाफ अपना टी20 डेब्यू किया था। इसके बाद वह जिम्बाब्वे गए और वहां अभिषेक के साथ ओपनिंग की। 15 साल का यह खिलाड़ी लगातार टीम से अंदर-बाहर हो रहा है और उनके कोच मनीष को लगता है कि टीम मैनेजमेंट वैभव का भविष्य खराब कर रहा है।

'वैभव तूफान है'

मनीष ने हाल ही में स्पोर्ट्स नाओ को दिए इंटरव्यू में कहा कि वैभव तूफान है, लेकिन टीम मैनेजमेंट उन्हें बेंच पर बैठाकर कुंठित कर रहा है। मनीष ने कहा, "मेरे हिसाब से वैभव तूफान है। जो भी उनको गिराने की कोशिश करेगा वह खुद गिर जाएगा। आज नहीं तो कल वह चमकेगा। टीम इंडिया के मौजूदा मैनेजमेंट को लगता है कि वह बेंच पर बिठाकर खिलाड़ी को बनाते हैं। क्रिकेट के कई महान खिलाड़ी हैं, आप उनसे बात कर लीजिए। सभी कहेंगे कि अगर अगली पीढ़ी को तैयार करना है तो फिर उसे मैदान पर उतारना चाहिए, उन्हें खिलाना चाहिए। बेंच पर बिठाकर खिलाड़ी नहीं बनाए जाते, खासकर इस तरह का टैलेंट बेंच पर बैठकर खिलाड़ी नहीं बन पाएगा।"

टीम मैनेजमेंट कर रहा तानाशाही

मनीष का मानना है कि मौजूदा टीम मैनेजमेंट तानाशाही कर रहा है। उन्होंने कहा, "किसी भी तरह से उन्होंने मन बना लिया है कि वह वैभव को मौका नहीं देंगे। वह बाहर बैठा है और पानी पिला रहा है। मुझे लगता है कि इस समय जो टीम मैनेजमेंट है वो तानाशाही कर रहा है। उनके दिमाग में जो आएगा वह वही करेंगे।"

वेस्टइंडीज के खिलाफ खेली जा रही पांच मैचों की टी20 सीरीज के तीन मैच हो चुके हैं और भारत ने 2-1 की बढ़त ले ली है। हालांकि, अभी तक वैभव को मौका नहीं मिला है। इसी महीने टीम को न्यूजीलैंड जाना है और पांच मैचों की टी20 सीरीज खेलनी है। इस सीरीज के लिए भी टीम का एलान हो चुका है और वैभव का नाम टीम में भी है, लेकिन वहां भी कम संभावना है कि 15 साल के इस खिलाड़ी को मौका दिया जाए।

यह भी पढ़ें- वैभव सूर्यवंशी और संजू सैमसन में से किसे होना चाहिए T20I का ओपनर? रविचंद्रन अश्विन ने दिया चौंकाने वाला जवाब