IPL 2023: 'बिना चिकन के बटर चिकन खाते हैं धोनी, काफी अजीब हैं; CSK के धाकड़ बल्लेबाज ने किया खुलासा
उथप्पा ने जियो सिनेमा के हवाले से माई टाइम माई हीरो में कहा उनकी सादगी कुछ ऐसी है जो हमेशा से रही है और यह कुछ ऐसी है जो नहीं बदली है। वह आज भी उतने ही सरल हैं जितने कि मैं उनसे पहली बार मिला था।
नई दिल्ली, आईएएनएस। दाएं हाथ के बल्लेबाज रॉबिन उथप्पा ने महेंद्र सिंह धोनी के बारे में एक दिलचस्प तथ्य का खुलासा किया है। उथप्पा ने कहा कि खाने के मामले में पूर्व भारतीय कप्तान काफी अजीब हैं। उथप्पा और धोनी एक-दूसरे को दो दशकों से जानते हैं। उथप्पा ने धोनी को करीब से देखा और साथ में बिताए समय को याद किया।
उथप्पा ने जियो सिनेमा के हवाले से 'माई टाइम माई हीरो' में कहा, "उनकी सादगी कुछ ऐसी है जो हमेशा से रही है और यह कुछ ऐसी है जो नहीं बदली है। वह आज भी उतने ही सरल हैं, जितने कि मैं उनसे पहली बार मिला था। धोनी दुनिया के सबसे सरल व्यक्ति हैं।"
2003 में धोनी से मिले थे उथप्पा
भारत के पूर्व बल्लेबाज ने 2003 में पहली बार धोनी से मुलाकात की कहानी साझा की। उथप्पा ने कहा, "हम हमेशा साथ खाना खाते थे। हमारे पास एक समूह था। सुरेश रैना, इरफान पठान, आरपी सिंह, पीयूष चावला, मुनाफ पटेल, एमएस और मैं। हम दाल मखनी, बटर चिकन, जीरा आलू, गोभी और रोटियां आर्डर करते थे, लेकिन जब खाने की बात आती है तो एमएस नियम के पक्के होते थे। वह बटर चिकन खाते थे, लेकिन चिकन के बिना, सिर्फ ग्रेवी के साथ! जब वह चिकन खाते थे तो रोटियां नहीं खाते थे। जब खाने की बात आती है तो वह काफी अजीब होते हैं।"
धोनी लेते हैं मैच की जिम्मदारी
धोनी को एक कप्तान के रूप में भारत और सीएसके दोनों के लिए अभूतपूर्व सफलता मिली और उथप्पा ने इसका कारण बताया। रॉबिन ने कहा, "वह चतुर चालक कप्तान हैं। अपनी सहज प्रवृत्ति के लिए जानें जाते हैं। यही कारण है कि वह इतने सफल कप्तान रहे हैं। वह हर परिणाम की जिम्मेदारी लेते हैं, चाहे वह जीत हो या हार।"
उथप्पा ने धोनी के अन्य गुणों के बारे में भी बात की और कुछ साल पहले आईपीएल नीलामी के बाद धोनी के साथ हुई पहली बातचीत को साझा किया। "एमएस बहुत खुले मिजाज के व्यक्ति हैं। वह सच बोलने से नहीं हिचकिचाते, भले ही इससे आपको ठेस पहुंचे।"
काफी सरल हैं धोनी
उथप्पा ने आगे कहा, "मुझे याद है कि जब नीलामी में सीएसके ने मुझे साइन किया था तो उन्होंने मुझे फोन किया और कहा, 'मुझे यकीन नहीं है कि आपको खेलने का मौका मिलेगा, क्योंकि सीजन अभी दूर है और मैंने इसके बारे में नहीं सोचा है। अब तक, मैंने आईपीएल में 13 सफल वर्षों का आनंद लिया था। फिर भी, उन्होंने मेरे सामने मुझे बताया कि उसे क्या करना है। मैं अभी भी इसकी बहुत सराहना करता हूं।"