रोहित शर्मा को विश्व कप हार से लगा धक्का, कहा- नहीं कहूंगा टीम जीतेगी U19 विश्व कप
U 19 World Cup 2020 13वें अंडर 19 विश्व कप का आयोजन 17 जनवरी से 9 फरवरी तक साउथ अफ्रीका में होना है।
मुंबई, आईएएनएस। भारतीय क्रिकेट टीम के उप कप्तान रोहित शर्मा को भरोसा है कि अंडर 19 टीम लगातार दूसरी बार विश्व कप का खिताब जीतने में कामयाब होगी। उन्होंने कहा कि टीम बहुत ही मजबूत है और इसमें अपने खिताब का बचाव करने की क्षमता है। 13वें अंडर 19 विश्व कप का आयोजन 17 जनवरी से 9 फरवरी तक साउथ अफ्रीका में होना है।
16 देशों के इस टूर्नमेंट में भारतीय टीम बतौर डिफेंडिंग चैंपियन उतरने वाली है। 2018 में पृथ्वी शॉ की कप्तानी में टीम इंडिया ने विश्व कप जीता था। फाइनल में ऑस्ट्रेलिया को हराकर भारत रिकॉर्ड चौथी बार विश्व चैंपियन बना था। भारत सबसे ज्यादा 4 बार अंडर 19 विश्व कप का खिताब जीतने वाली टीम है।
रोहित शर्मा ने अंडर 19 टीम के बारे में बात करते हुए कहा, "हमारी टीम हमेशा की तरह ही इस बार भी बेहद मजबूत दिख रही है। मैं यह नहीं कहुंगा कि हम इस बार भी जीतेंगे। मुझे एक बात का यकीन है कि वो पूरा दम लगाकर खेलने वाले हैं। उनके पास बहुत ही शानदार कोचिंग स्टाफ है। यह एक बहुत बड़ा मंच है और भारत बड़े मंच पर हमेशा ही अच्छा करता आया है। मुझे उम्मीद है वो इस बार भी कप लेकर ही घर आएंगे।"
13वें आईसीसी अंडर 19 विश्व कप का आयोजन 17 जनवरी से 9 फरवरी के बीच साउथ अफ्रीका में अगले साल किया जाना है। इस टूर्नामेंट में 16 टीमें भाग ले रही हैं। इन सभी को चार अलग अलग ग्रुप में बांटा गया है। डिफेंडिंग चैंपियन भारत को न्यूजीलैंड, श्रीलंका और पहली बार क्वालीफाई करने वाले जापान के साथ ग्रुप ए में रखा गया है।
भारत के विश्व विजेता अंडर 19 कप्तान
अब तक भारत के चार कप्तानों ने अंडर 19 विश्व कप का खिताब जीता है। 2000 में सबसे पहले मोहम्मद कैफ की कप्तानी में भारत विश्व विजेता बना था। 2008 में विराट कोहली की कप्तानी में भारत ने दूसरी बार खिताब जीता था। 2014 में उनमुक्त चंद ने टीम इंडिया को अंडर 19 विश्व कप का खिताब दिलाया था। 2018 में भारतीय टीम ने पृथ्वी शॉ की कप्तानी में रिकॉर्ड चौथी बार वर्ल्ड कप उठाया।