विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ट्रेन से बोरीवली पहुंचे शिवम दुबे ने पुलिस से मांगी थी मदद, अधिकारी ने बताया कैसे स्‍टेशन से बाहर निकाला

Published: Wed, 11 Mar 2026 10:14 PM (IST)

विश्व कप में ऑलराउंड प्रदर्शन से भारत की खिताबी जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले शिवम दुबे ने अहमदाबाद से ...और पढ़ें

शिवम दुबे ने किया शानदार प्रदर्शन

शिवम दुबे ने किया शानदार प्रदर्शन

HighLights

  1. भारतीय टीम ने जीता टी20 विश्‍व कप

  2. फाइनल में न्‍यूजीलैंड को दी शिकस्‍त

  3. अहमदाबाद में खेला गया फाइनल

मुंबई, पीटीआई। टी20 विश्व कप 2026 में ऑलराउंड प्रदर्शन से भारत की खिताबी जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले शिवम दुबे ने अहमदाबाद से मुंबई की यात्रा सबकी नजरों से बचते हुए ट्रेन से पूरी की। रेलवे के अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि मुंबई के लिए सभी उड़ाने पूरी तरह से बुक होने के कारण दुबे ने ट्रेन से यात्रा करना चुना जिससे कि वह अपने दो छोटे बच्चों से मिलने के लिए जल्द से जल्द शहर पहुंच सकें। इस दौरान क्रिकेट प्रशंसकों की भीड़ के उन्हें घेर लेने का खतरा भी था।

अधिकारी ने कहा कि यह स्टार ऑलराउंडर भारतीय टीम के विश्व कप जीतने के कुछ घंटों बाद सोमवार सुबह अहमदाबाद से मुंबई जाने वाली सयाजी नगरी एक्सप्रेस में अपनी पत्नी अंजुम और एक दोस्त के साथ सवार हुए। उन्होंने बताया कि ट्रेन की आरक्षण सूची पर उनका नाम देखने के बाद एक टिकट निरीक्षक को हैरानी हुई कि क्या वह क्रिकेटर दुबे हैं।

हालांकि उनकी पत्नी ने समझदारी से स्थिति को संभाला और कहा कि क्रिकेटर ट्रेन से यात्रा क्यों करेगा। अधिकारी ने बताया कि साथ बैठे यात्रियों द्वारा पहचाने जाने से बचने के लिए दुबे ने सुबह पांच बजकर 10 मिनट पर ट्रेन में चढ़ते समय टोपी, मास्क और पूरी बाजू की टीशर्ट पहनी थी और एसी थ्री टियर कोच में चढ़ने के बाद अपनी ऊपर वाली बर्थ पर चढ़ गए।

अधिकारी ने कहा कि ट्रेन का सफर कम से कम आठ घंटे का होता है और वह व्यस्त टूर्नामेंट और जश्न के बाद बर्थ पर आराम कर रहा था। साथ ही दुबे को मुंबई के बोरीवली स्टेशन पर दिन के उजाले में (दोपहर एक बजे के बाद) उतरने की अधिक चिंता थी क्योंकि उन्हें डर था कि कहीं प्रशंसक उन्हें पहचान ना लें।

एक सरकारी रेलवे पुलिस अधिकारी ने कहा कि ट्रेन के बोरीवली पहुंचने से पहले दुबे ने पुलिस से मदद मांगी जिससे कि वह आराम से स्टेशन से बाहर निकल सकें। अधिकारी ने कहा कि लोगों का ध्यान खींचने से बचने के लिए सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों को क्रिकेटर को स्टेशन के बाहर उनकी गाड़ी तक ले जाने के लिए भेजा गया था।

यह भी पढ़ें- वर्ल्ड चैंपियन बनने के बाद आखिर क्यों Shivam Dube को करना पड़ा ट्रेन से सफर? सामने आई बड़ी वजह

यह भी पढ़ें- IND vs NZ: टीम इंडिया को फाइनल जिता सकते हैं ये 5 भारतीय खिलाड़ी, खिताबी जंग में सूर्या के लिए साबित होंगे 'ब्रह्मास्त्र'