शाहिद अफरीदी ने कहा- युवराज और हरभजन 'मजबूर', भारत में रहते हैं ना
अफरीदी ने मंगलवार के पाकिस्तान के चैनल पर हरभजन और युवराज को लेकर बयान दिया। उन्होंने कहा दोनों ही भारत में रहने की वजह से मजबूर हैं।
लाहौर, आईएएनएस। पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी ने एक बार फिर से बेतुका बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि भारत में रहने वाले लोग पीडि़त हैं। हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर दिए गए बयान पर उनको भारतीय क्रिकेटरों हरभजन सिंह, युवराज सिंह और गौतम गंभीर से करारा जवाब सुनने को मिला था।
अफरीदी ने मंगलवार के पाकिस्तान के के चैनल हम न्यूज पर हरभजन और युवराज को लेकर बयान दिया। उन्होंने पहले तो भारतीय दिग्गजों को शुक्रिया कहा और फिर उन्हें मजबूर बताया। भारतीय खिलाड़ियों से मदद मांगने वाले पूर्व पाकिस्तानी अब उनके बयान पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।
अफरीदी ने कहा, मैं हरभजन और युवराज द्वारा मेरे फाउंडेशन को दिए गए मदद के लिए शुक्रगुजार रहूंगा। असली परेशानी उनकी मजबूरी है। वो उस देश में रहते हैं वो मजबूर हैं। वो जानते हैं कि उनके देश में लोग काफी ज्यादा पीड़ित हैं। मैं इससे ज्यादा आगे कुछ नहीं कहूंगा।
पाकिस्तान के अधिकृत कश्मीर में अफरीदी ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आपत्तिजनक बयान दिया था। इस बयान के बाद भारतीय क्रिकेटर हरभजन सिंह, युवराज सिंह, शिखर धवन और गौतम गंभीर ने तीखी प्रतिक्रिया दी थी।
युवराज ने साफ तौर पर अफरीदी के बयान के बाद उनकी मदद करने से मना कर दिया था। युवी ने ट्वीट किया था, "शाहिद अफरीदी ने हमारे देश और प्रधानमंत्री के बारे में जो भी कहा बहुत ही निराशाजनक है। ऐसे शब्द बर्दास्त नहीं किए जाएंगे।"
वहीं हरभजन ने स्पोर्ट्स तक पर कहा था, उन्होंने चैरिटी के लिए अपील की थी और मानवता के नाते मदद कर दी लेकिन अब ऐसा नहीं होने वाला है। उन्हें हमारे देश के खिलाफ बोलने का कोई हक नहीं है और उनको अपनी हद में रहना चाहिए। मुझे बस इतना कहना है कि अब शाहिद अफरीदी के साथ हमारा कोई भी रिश्ता नहीं है।