'हम कोई मशीन या रोबोट नहीं', 15 साल के वैभव सूर्यवंशी से कॉम्पिटिशन और आलोचकों पर संजू सैमसन का बेबाक बयान
अफगानिस्तान के खिलाफ पहले टी20 में 10 रन बनाने वाले संजू सैमसन का मंगलवार को दूसरे मुकबले में बल्ला गरजा।

संजू सैमसन

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। अफगानिस्तान के खिलाफ पहले टी20 में 10 रन बनाने वाले संजू सैमसन का मंगलवार को दूसरे मुकबले में बल्ला गरजा। भारतीय सलामी बल्लेबाज ने 259.09 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की और 22 गेंदों पर 57 रन कूट दिए। अपनी इस पारी में विकेटकीपर बल्लेबाज ने 7 चौके और 4 छक्के लगाए। मैच के बाद संजू ने आलोचकों को जवाब दिया। साथ ही वैभव सूर्यवंशी से कॉम्पिटिशन पर भी बोले।
वाईफाई बंद रखने की कोशिश करता
संजू सैमसन ने माना कि बाहर की बातें उन तक पहुंच ही जाती हैं, भले ही वह उन्हें नजरअंदाज करना पसंद करते हों। भारत की सात विकेट से जीत के बाद सैमसन ने कहा, "मैं वाईफाई बंद रखने की कोशिश करता हूं। लेकिन कभी-कभी वाईफाई चालू हो जाता है और कमेंट्स दिख जाते हैं। कोई सीनियर खिलाड़ी कुछ कह देता है। इसलिए मुझे लगता है कि यह बहुत सामान्य बात है।"
जगह पर उठ रहे थे सवाल
सैमसन की पारी ऐसे समय में आई जब भारत की T20I टीम में ओपनिंग स्लॉट के लिए उनकी जगह पर सवाल उठ रहे हैं। 15 साल के वैभव सूर्यवंशी के आने से अभिषेक शर्मा के साथ ओपनिंग स्लॉट के लिए कॉम्पिटिशन और बढ़ गया है। सूर्यवंशी ने हाल ही में भारत के जिम्बाब्वे दौरे पर प्रभावित किया था, जबकि सैमसन को आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ पिछली सीरीज में मिले मौकों का फायदा न उठा पाने के कारण टीम से बाहर कर दिया गया था।
सैमसन ने कहा, "निश्चित रूप से बाहर की बातें भारत में क्रिकेटरों पर असर डालती हैं। आपको इस बात को लेकर बहुत स्पष्ट होना चाहिए कि आपकी सोच क्या है, आपको कैसे तैयारी करनी है और किस सोच के साथ खेलना है।"
हम रोबोट नहीं हैं
उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि मैं इतना मैच्योर और अनुभवी हो गया हूं कि जानता हूं कि इसे कैसे संभालना है। पहले थोड़ा बुरा लगता था। मैं कोई मशीन नहीं हूं। हम रोबोट नहीं हैं कि कह सकें, 'नहीं, मुझ पर इसका कोई असर नहीं पड़ता।' निश्चित रूप से, इसका असर पड़ता है।"
सैमसन ने कहा, "अगर मैं उन बातों पर ध्यान देता, तो मैं इस तरह बैटिंग नहीं कर पाता। शॉट खेलने से पहले मैं दस बार सोचता, 'यार, अगर आउट हो गया तो फिर वाई-फाई की समस्या हो जाएगी।' इसलिए इसके बजाय, मैं खुद से कहता हूं, 'कोई बात नहीं।'"
हम एक टीम हैं
सैमसन ने कहा कि वह ड्रेसिंग रूम में वैभव सूर्यवंशी को अपना प्रतिद्वंद्वी नहीं मानते हैं। उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि बाहरी दुनिया के लिए सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा कॉम्पिटिटर हैं, लेकिन हम एक टीम हैं और देश के लिए खेल रहे हैं। हम पहले मैच जीतना चाहते हैं, और उसके बाद ही बाकी चीजें आती हैं।"
IPL में कप्तानी से मदद मिली
सैमसन ने यह भी कहा कि IPL कप्तान के तौर पर उनके अनुभव ने उन्हें यह समझने में मदद की है कि मुश्किल सेलेक्शन फैसले क्यों लेने पड़ते हैं। उन्होंने माना कि मैनेजमेंट के लिए अच्छा प्रदर्शन कर रहे खिलाड़ियों में से किसी एक को चुनना मुश्किल काम है, साथ ही उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि खिलाड़ियों को सेलेक्शन के फैसलों के बारे में सोचने के बजाय अपने मौकों के लिए तैयार रहना चाहिए।
उन्होंने कहा, "हम उदास नहीं हो सकते या नेगेटिव सोच नहीं रख सकते कि ‘यार, मुझे क्यों नहीं मिला, उसे क्यों दिया।’ ऐसी सोच यहां काम नहीं आती।"
