जानिए बेटे अर्जुन तेंदलुकर के अंडर-19 टीम में चयन पर क्या बोले सचिन तेंदुलकर
सचिन तेंदुलकर ने मीडिया से बातचीत में बताया कि अंडर-19 टीम में अर्जुन का चयन होना बहुत बड़ी बात है।
नई दिल्ली, जेएनएन। भारत की अंडर-19 क्रिकेट टीम में सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर का चयन हो गया है। श्रीलंकाई दौरे पर जाने वाली भारतीय की अंडर 19 टीम में अर्जुन तेंदुलकर को चुन लिया गया है। इस खबर के बाद से महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने खुशी जताई है और साथ में अर्जुन तेंदुलकर की सफलता के लिए ईश्वर से प्रार्थना भी की है।
सचिन तेंदुलकर ने मीडिया से बातचीत में बताया कि अंडर-19 टीम में अर्जुन का चयन होना बहुत बड़ी बात है। मैं अपनी पत्नी अंजली के साथ हमेशा अर्जुन का समर्थन करेंगे और उसकी कामयाबी के लिए प्रार्थना करेंगे। गौरतलब है अर्जुन तेंदुलकर का भले ही अंडर-19 टीम में चयन अभी हुआ हो लेकिन वो सीनियर भारतीय टीम के खिलाड़ियों के साथ अभ्यास सत्र के दौरान कई बार मौजूद रहे हैं। वानखेड़े स्टेडियम में अर्जुन ने कई बार सीनियर बल्लेबाजों को गेंदबाजी कर उनकी प्रैक्टिस करवाई है। वो लॉर्ड्स और मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में भी अभ्यास कर चुके हैं, पिछले साल अर्जुन ने अपनी गेंदबाजी की स्पीड से अंग्रेज बल्लेबाजों को भी छकाया था।
अर्जुन के बारे में मुंबई अंडर-19 टीम के कोच सतीश सामंत का कहना है कि, अर्जुन तेंदुलकर प्रतिभा के धनी है, पिछले कुछ समय में उन्होंने अपनी गेंदबाजी में बहुत सी विविधताएं लाई हैं। इसके अलावा वो बेहतरीन यॉर्कर गेंदें डालते हैं और धीमी गति की गेंदों में भी उन्हें महारथ हासिल है। सतीश ने आगे बताया कि, अर्जुन को निरतंरता दिखाने की जरुरत है और ये अभ्यास के साथ संभव है। वो दूसरे गेंदबाजी की तुलना में ज्यादा गति से गेंदबाजी करते हैं। अर्जुन ने पिछले साल कूच-बिहार ट्रॉफी में 18 विकेट लिए थे।
अब आगे ये देखना है कि अगले महीने श्रीलंकाई दौरे पर जूनियर तेंदुलकर कैसा प्रदर्शन करते हैं। भारतीय टीम इस दौरे पर चार दिवसीय और एक दिवसीय मैच खेलेगी। चार दिवसीय मैचों के लिए टीम की कमान दिल्ली के विकेटकीपर बल्लेबाज अर्जुन रावत को दी गई है। रावत ने साल 2016-17 में दिल्ली के लिए अक्टूबर में रणजी ट्रॉफी मुकाबले से प्रथम श्रेणी क्रिकेट में डेब्यू दिया था।