यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 03, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
रोहित शर्मा बतौर कप्तान पहली पसंद, लेकिन इस पद पर टिक नहीं पाएंगे ज्यादा दिन, पूर्व भारतीय क्रिकेटर का बयान
विराट कोहली विश्व कप के बाद टी-20 टीम की कप्तानी छोड़ देंगे और उनके स्थान पर रोहित का कप्तान बनना ...और पढ़ें

नई दिल्ली, प्रेट्र। भारतीय टीम के पूर्व चयनकर्ता सरनदीप सिंह ने कहा कि सीमित ओवर क्रिकेट में विराट कोहली के बाद रोहित शर्मा कप्तानी के लिए पहली पसंद हैं, लेकिन वह लंबे समय तक इस पद पर नहीं रह पाएंगे।
विराट कोहली विश्व कप के बाद टी-20 टीम की कप्तानी छोड़ देंगे और उनके स्थान पर रोहित का कप्तान बनना तय है। अब वनडे की कप्तानी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं और सरनदीप ने कहा कि रोहित इस पद के लिए उपयुक्त हैं, लेकिन वह छोटी अवधि के लिए ही यह भूमिका निभा पाएंगे। सरनदीप ने कहा, 'रोहित शर्मा एक अच्छा विकल्प हैं। वह आपके सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों में से हैं। लेकिन, चयन समिति को यह निर्णय लेना है कि क्या उन्हें कुछ वर्षों (2023 वनडे विश्व कप तक) के लिए कप्तान बनाया जाए या ऐसे खिलाड़ी को जिम्मेदारी सौंपी जाए जो लंबे समय तक टीम का नेतृत्व कर सकता है। अगर वे बहुत आगे के बारे में सोच रहे हैं तो केएल राहुल और रिषभ पंत अच्छे विकल्प हो सकते हैं।'
रिपोर्ट के मुताबिक टी20 वर्ल्ड कप 2021 के बाद टीम इंडिया को न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज खेलनी है और इसके लिए रोहित शर्मा को भारत का कप्तान बनाया जा सकता है। वहीं कुछ दिनों के बाद बीसीसीआइ और टीम इंडिया के सेलेक्टर्स के बीच होने वाली बैठक में बतौर वनडे कप्तान भी विराट कोहली के भविष्य पर चर्चा की जा सकती है। बीसीसीआइ का अब ये मानना है कि वनडे और टी20 के लिए एक कप्तान हो जबकि टेस्ट के लिए अलग कप्तान हो। ऐसा माना जा रहा है कि सिमित प्रारूप के लिए रोहित शर्मा को टीम की कमान सौंपी जा सकती है जबकि विराट कोहली टेस्ट टीम के कप्तान बने रह सकते हैं। रोहित शर्मा के अलावा केएल राहुल भी कप्तानी की दौड़ में शामिल माने जा रहे हैं।
