कायरन पोलार्ड के हेड कोच बनने के बाद मुंबई इंडियंस में फिर लौटेगा 'रोहित राज', पूर्व दिग्गज ने बताई वजह
पूर्व स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने आईपीएल 2027 के लिए रोहित शर्मा को मुंबई इंडियंस का कप्तान बनाने का सुझाव दिया ...और पढ़ें

रोहित शर्मा-कायरन पोलार्ड

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारत के पूर्व दिग्गज स्पिनर रविचंद्रन अश्विन को लगता है कि आईपीएल 2027 के लिए मुंबई इंडियंस का कप्तान रोहित शर्मा को होना चाहिए। रोहित, जिन्हें आईपीएल 2024 में मुंबई ने कप्तानी से हटा दिया था, अब एक बार फिर से उनके कप्तान बनने की चर्चा होने लगी है। तमाम मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा चुका है कि हार्दिक अब एमआई को छोड़कर जा सकते हैं।
अगर हार्दिक मुंबई को छोड़ते हैं, तो फ्रेंचाइजी को एक कप्तान बनाने की जरूरत होगी। आईपीएल 2028 से पहले मेगा ऑक्शन होना है और ऐसे में अश्विन को लगता है कि अगर रोहित एक साल के लिए कप्तान बनते हैं, तो सारी चीजें ठीक कर सकते हैं। पूर्व दिग्गज स्पिनर को भी लगता है कि हार्दिक मुंबई के साथ नहीं रहेंगे और वे नई फ्रेंचाइजी के साथ आगामी सीजन में खेलते हुए दिखाई देंगे।
रोहित शर्मा सब ठीक कर सकते हैं: रविचंद्रन अश्विन
अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए आगामी सीजन के लिए रोहित को कप्तान बनाने की वकालत की। उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि रोहित शर्मा और कायरन पोलार्ड का कॉम्बिनेशन अच्छा साबित हो सकता है। ऐसा ही होगा ये मुझे नहीं पता है लेकिन हार्दिक पांड्या फ्रेंचाइजी के साथ नहीं होंगे ये मुझे यकीन है। उनके वहां पर रहने के चांस बहुत कम हैं। सूर्यकुमार यादव भारतीय टीम से बाहर हैं, जिसकी वजह से उनके कप्तानी करने का भी चांस बहुत कम है।"
पूर्व ऑफ स्पिनर ने आगे कहा, "ये एक बहुत बड़ी समस्या बन गई है और अब सबकुछ ठीक करने की जरूरत है। वैसे भी मेगा ऑक्शन में सिर्फ एक साल बचा है। इतने कम समय में अगर चीजों को ठीक करने का अनुभव किसी के पास है, तो वो रोहित शर्मा हैं। इसलिए मुझे लगता है कि कम से कम एक साल के लिए रोहित सबसे बेहतर विकल्प हैं। पॉली के साथ उनकी बॉन्डिंग भी अच्छी है।"
कायरन पोलार्ड होंगे हेड कोच
मुंबई ने अगले सीजन के लिए महेला जयवर्धने को कोचिंग के पद से हटा दिया है। उनकी जगह फ्रेंचाइजी ने कायरन पोलार्ड को नया मुख्य कोच नियुक्त किया है, जो टीम को नई दिशा देने की कोशिश करेंगे। मुंबई के लगातार तीन सीजन खराब प्रदर्शन की वजह से जयवर्धने को उनके पद से हटाया गया है।
