यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 07, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
ऑस्ट्रेलिया के स्टार बल्लेबाज ने चुना 'अगला बैटिंग सुपरस्टार', Shubman Gill का नाम नहीं लेकर चौंकाया
Australian batter picks next batting superstar ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज ने अगला बैटिंग सुपरस्टार चुना है। ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज ने भारत के ...और पढ़ें

नई दिल्ली, स्पोर्ट्स डेस्क। भारत के स्टार बल्लेबाज शुभमन गिल की लोकप्रियता दुनियाभर में हो चुकी है। युवा भारतीय बल्लेबाज इस समय शानदार फॉर्म में हैं और पिछले कुछ महीनों में उन्होंने सफेद गेंद क्रिकेट में बेहतरीन प्रदर्शन किया है। शुभमन गिल को शानदार प्रदर्शन का ईनाम मिला कि उन्हें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे टेस्ट में मौका मिला।
गिल हालांकि, बल्ले से तीसरे टेस्ट में कमाल नहीं दिखा सके, लेकिन उन्हें भारतीय क्रिकेट का भविष्य माना जा रहा है। हालांकि, जब ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज मार्नस लाबुशेन से अगले बल्लेबाजी सुपरस्टार का नाम पूछा गया तो उन्होंने शुभमन गिल का नाम नहीं लेकर चौंका दिया।
लाबुशेन ने ईएसपीएनक्रिकइंफो के सवाल-जवाब सत्र में हिस्सा लिया, जिसमें उनसे पूछा गया कि शुभमन गिल या हैरी ब्रूक में से कौन अगला बैटिंग सुपरस्टार है। ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज ने जवाब में कहा, 'ओह जीसस! हैरी ब्रूक। जिस तरह वो बल्लेबाजी करते हैं, वो मुझे काफी पसंद है। यह लोकप्रिय जवाब नहीं भी हो सकता है, लेकिन...।'
बता दें कि हैरी ब्रूक ने इंग्लैंड राष्ट्रीय टीम के लिए शानदार प्रदर्शन करके काफी लोकप्रियता हासिल की है। हालांकि, शुभमन गिल से परे हैरी ब्रूक ने लाल गेंद में अपना जलवा बिखेरा है। हाल ही में न्यूजीलैंड के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज में ब्रूक ने 329 रन बनाए थे। ब्रूक की क्षमता को देखते हुए आईपीएल में उन्हें सनराइजर्स हैदराबाद ने 13.25 करोड़ रुपये की मोटी कीमत पर खरीदा था।
जहां तक गिल की बात है कि उन्हें कई दिग्गजों का समर्थन प्राप्त है, जिन्हें लगता है कि युवा बल्लेबाज टीम का भविष्य है। जब विराट कोहली और रोहित शर्मा भारतीय टीम के साथ नहीं रहेंगे, उस समय को देखते हुए कई लोगों का मानना है कि शुभमन गिल दो सुपरस्टार्स से जिम्मेदारी लेंगे और भारतीय क्रिकेट को आगे लेकर जाएंगे।