'गिल ने खूब मदद की', डेब्यू पर तहलका मचाने वाले मानव सुथार ने बांधे कप्तान शुभमन की तारीफों के पुल
मानव सुथार ने न्यू चंडीगढ़ में अफगानिस्तान के खिलाफ अपने पदार्पण टेस्ट में तीन विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने ...और पढ़ें

मानव सुथार
HighLights
मानव सुथार ने पदार्पण टेस्ट में लिए तीन महत्वपूर्ण विकेट
शुभमन गिल ने गेंदबाजी में मानव सुथार की मदद की
बचपन से क्रिकेट के प्रति था मानव का गहरा लगाव
पीटीआई, न्यू चंडीगढ़। पदार्पण टेस्ट में ही धमाल मचाने वाले मानव सुथार ने न्यू चंडीगढ़ में चल रहे एकमात्र टेस्ट के दूसरे दिन अफगानिस्तान की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। राजस्थान से आने वाले मानव ने पारी के पहले और दिन के आखिरी विकेट समेत कुल तीन विकेट अपने नाम किए।
अपनी गेंदबाजी से सबको प्रभावित करने वाले मानव ने दूसरे दिन का खेल खत्म होने के बाद कहा, मेरा ध्यान सही इलाकों में गेंद डालने और अपनी ताकत पर भरोसा करने पर था। विकेट में मदद थी इसलिए मेरा ध्यान सही जगह गेंद गिराने पर था। मैच की सुबह मैदान पर आने के बाद ही पता चला कि मैं पदार्पण कर रहा हूं। मैंने पिछली शाम इसकी तैयारी की थी (क्योंकि पदार्पण की संभावना थी) मेरी ताकत गेंद को घुमाना है।
सही जगह गेंदबाजी करना चाहता था: मानव सुथार
मैं इसी का प्रयास कर रहा था। मैं लगातार सही जगह गेंद गिराना चाहता था, मेरा ध्यान इसी पर था। रणजी और घरेलू क्रिकेट खेलते हुए मेरा सपना भारत के लिए खेलने का था। शुक्रगुजार हूं। मैं लंबे वक्त से कप्तान गिल के साथ खेल रहा हूं। इसलिए उन्हें मेरी ताकत पता है। वह लगातार मुझे लाइन और लेंथ समझा रहे थे।
क्रिकेट में कैसे आई रुचि?
पदार्पण से पहले मानव ने जियोस्टार से बात की थी। राजस्थान से आने वाले मानव ने कहा, क्रिकेट हमेशा से मेरे परिवार का अहम अंग रहा है। मेरे पिताजी खेल से प्रेम करते हैं, घर के सारे लोग क्रिकेट मैच देखते रहते हैं। बचपन में मैं भी उनके साथ बैठकर क्रिकेट देखता था। क्रिकेट के प्रति मेरे प्रेम की शुरुआत यहीं से हुई। मैंने दोस्तों के साथ गली में खेलना शुरू किया। यहीं से मुझे क्रिकेट के बारे में बुनियादी जानकारी मिली।
10-11 साल की उम्र में मैंने अकादमी में दाखिला लिया। जहां धीरज सर और विनोद सर ने मुझे सही तकनीक सिखाई और मेरे खेल में सुधार कराए। राजस्थान के लिए अंडर-14 खेलने के बाद मुझे लगा कि मैं क्रिकेट में करियर बना सकता हूं। यहीं से मेरी क्रिकेट की असली यात्रा शुरू हुई।
भारत की पकड़ मजबूत
भारत ने अपनी पहली पारी में 568 रन बनाए थे। केएल राहुल और शुभमन गिल ने शतक जड़े जबकि साइ सुदर्शन, ऋषभ पंत और वॉशिंगटन सुंदर ने पचासे लगाए। अफगानिस्तान की तरफ से मोहम्मद सलीम ने छह विकेट निकाले। जवाब में दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक अफगानिस्तान ने पांच विकेट खोकर 113 रन बना लिए थे। मानव सुथार ने तीन, प्रसिद्ध कृष्णा ने दो विकेट निकाले।
