कोलकाता के खिलाफ मिली करीबी हार से बुरी तरह टूट गए ग्लेन मैक्सवेल, किया ये ट्वीट
IPL 2020 में शनिवार को किंग्स इलेवन पंजाब को छठी हार का सामना करना पड़ा। इसी के साथ पंजाब की मुश्किलें प्लेऑफ में पहुंचने के लिए बढ़ गई है क्योंकि अब टीम को अपने बाकी सात मैच जीतने हैं। वहीं इस बार से ग्लेन मैक्सवेल काफी नाखुश हैं।
अबू धाबी, आइएएनएस। ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल इस समय इंडियन प्रीमियर लीग यानी आइपीएल के 13वें सीजन में किंग्स इलेवन पंजाब के लिए खेल रहे हैं। ग्लेन मैक्सवेल की फॉर्म उनके साथ नहीं है, लेकिन शनिवार को उनके पास हीरो बनने का मौका था, लेकिन वे पंजाब को जीत नहीं दिला सके। किंग्स इलेवन पंजाब को कोलकाता नाइट राइडर्स के हाथों हार का सामना करना पड़ा। इसी बात से ग्लेन मैक्सवेल टूटा हुआ महसूस कर रहे हैं।
आइपीएल 2020 में अपनी टीम किंग्स इलेवन पंजाब को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ ग्लेन मैक्सवेल जीत नहीं दिला पाए। दरअसल, पंजाब को शनिवार को मैच जीतने के लिए आखिरी ओवर में 14 रनों की जरूरत थी। ऑस्ट्रेलिया दिग्गज ऑलराउंडर ने पहली तीन गेंदों पर एक चौका मारा और दो रन लिए। इसके बाद टीम को एक झटका लगा, लेकिन सुनील नरेन ने कसी हुई गेंदबाजी की। इसी की वजह से पंजाब की टीम को हार मिली।
दरअसल, आखिरी गेंद पर पंजाब को जीत के लिए सात रन चाहिए थे और मैच टाई कराने के लिए छह रन की दरकार थी। मैक्सवेल क्रीज पर थे। नरेन ने ऑफ साइड में गेंद फेंकी और ग्लेन मैक्सवेल ने पूरी कोशिश की, लेकिन वो छक्का नहीं मार पाए। उनका शॉट सीमा रेखा के बेहद पास गिरा और चौका हुआ। इस हार के बाद मैक्सेवल ने ट्वीट करते हुए लिखा है, "टूटा हुआ।" इस मैच मैक्सवेल ने पांच गेंदों पर 10 रन बनाए जिसमें दो चौके शामिल रहे।
Shattered... 😞 #gameofinches— Glenn Maxwell (@Gmaxi_32) October 10, 2020
आपको बता दें, अगर मैक्सवेल का वो शॉट बाउंड्री के पार गिरता तो फिर मैच का नतीजा सुपर ओवर के जरिए निकाला जाता, लेकिन ऐसा हो नहीं सका। इस सीजन में ग्लेन मैक्सवेल फॉर्म में नहीं हैं और रन बनाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। आइपीएल के 13वें सीजन की सात पारियों में उनका सर्वोच्च स्कोर 13 है, जो उन्होंने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ बनाया था। गेंद से भी उन्होंने कोई खास कमाल नहीं किया है। वह एक विकेट भी नहीं ले पाए हैं।