Rohit Sharma: एशिया कप 2022 से ठीक पहले रोहित शर्मा ने बताया, बतौर कप्तान आखिर क्या करके वो हैं इतने सफल
रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत ने साल 2018 में एशिया कप का खिताब जीता था लेकिन तब वो स्टैंड-इन कप्तान थे। वहीं एशिया कप और टी20 वर्ल्ड कप में वो पहली बार नियमित कप्तान के तौर पर पहली बार मैदान पर उतरेंगे।
नई दिल्ली, आनलाइन डेस्क। क्रिकेट के तीनों फार्मेट में भारत के फुलटाइम कप्तान के रूप में अपने कार्यकाल की स्वप्निल शुरुआत के बाद रोहित शर्मा की सबसे बड़ी परीक्षा अब होने जा रही है। पहले एशिया कप और इसके बाद टी20 वर्ल्ड कप में रोहित शर्मा को कप्तान के तौर पर खुद को साबित करने का बड़ा दवाब है। रोहित इन दोनों टूर्नांमेट में मैन इन ब्लू का नेतृत्व करने के लिए पूरी तरह से तैयार नजर आ रहे हैं।
रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत ने साल 2018 में एशिया कप का खिताब जीता था, लेकिन तब वो स्टैंड-इन कप्तान थे। वहीं एशिया कप और टी20 वर्ल्ड कप में वो पहली बार नियमित कप्तान के तौर पर पहली बार मैदान पर उतरेंगे। रोहित शर्मा की कप्तानी ने एक नई उम्मीद जगाई है कि वो 9 साल के लंबे इंतजार के बाद शायद भारत को आइसीसी खिताब दिलाएंगे। रोहित शर्मा जब से टीम इंडिया के स्थाई कप्तान बने हैं तब से उन्होंने हर सीरीज में जीत दर्ज की है। वो आइपीएल इतिहास के सबसे सफल कप्तान हैं और अपनी टीम मुंबई इंडियंस को सबसे ज्यादा पांच बार (2013, 2015, 2017, 2019, 2020) चैंपियन बनाया है।
रोहित शर्मा के सामने अब बड़ी चुनौतियां हैं, लेकिन उससे पहले उन्होंने बतौर कप्तान अपनी सफलता के मंत्र का खुलासा खुद किया है। उन्होंने स्टार स्पोर्ट्स के साथ बात करते हुए कहा कि बतौर कप्तान मैंने चाहे आइपीएल हो या फिर टीम इंडिया की कप्तानी करना हो हमेशा ही इसे काफी सरल रखा है और चीजों को कभी बहुत ज्यादा जटिल नहीं बनाया है। मैंने अपने साथी खिलाड़ियों को आजादी देने और उनकी भूमिका के बारे में समझाने के लिए पहले जो कुछ भी कहा है अपने साथ भी यानी खुद से भी यही उम्मीद करूंगा।
रोहित शर्मा ने आगे कहा कि मैं टीम और अन्य खिलाड़ियों के लिए यही करना चाहता हूं और सुनिश्चित करता हूं कि कोई भ्रम न हो। यह आखिरी चीज है जो आप चाहते हैं, खासकर इससे पहले कि आप एक हाई प्रोफाइल टूर्नामेंट खेल रहे हों। इसलिए हम यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि इन सबका ध्यान रखा जाए और यहीं राहुल द्रविड़ के साथ मेरी भूमिका बहुत महत्वपूर्ण हो जाती है। हम कोशिश करेंगे और उस पर ध्यान केंद्रित रखेंगे कि सभी चीजें सिंपल रहे।