श्रीलंका के पूर्व खेल मंत्री का दावा, फिक्स था वर्ल्ड कप 2011 का फाइनल मुकाबला
श्रीलंका के पूर्व खेल मंत्री Mahindananda Aluthgamage ने दावा किया है कि साल 2011 के वर्ल्ड कप का फाइनल मुकाबला फिक्स था।
नई दिल्ली, जेएनएन। श्रीलंका के पूर्व खेल मंत्री महिन्दानंद अल्थगामगे ने एक बड़ा दावा किया है। महिन्दानंद अल्थगामगे (Mahindananda Aluthgamage) का दावा है कि मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में मेजबान भारत और श्रीलंका के बीच खेले गए वर्ल्ड कप 2011 का फाइनल मुकाबला फिक्स था। इस मुकाबले को भारतीय टीम ने 6 विकेट से जीता था। कप्तान महेंद्र सिंह धौनी ने विजयी छक्का लगाकर देश को दूसरा वनडे विश्व कप जिताया था।
जब भारत, बांग्लादेश और श्रीलंका में विश्व कप 2011 का आयोजन हुआ था तब महिन्दानंद अल्थगामगे श्रीलंका के खेल मंत्री थे। उन्होंने कहा कि वह अपने देश की प्रतिष्ठा को ध्यान में रखते हुए और अधिक खुलासे नहीं करना चाहते हैं, लेकिन वर्ल्ड कप 2011 को फिक्स बताने के दावे को लेकर उन्होंने कोई सबूत नहीं दिया है। उन्होंने कहा कि यह एक ऐसा खेल था जिसमें श्रीलंकाई जीत सकते थे।
न्यूज फर्स्ट को दिए इंटरव्यू में उन्होंने कहा है, "मैं इसमें क्रिकेटरों को शामिल नहीं करूंगा। हालांकि, कुछ समूह निश्चित रूप से खेल को फिक्स करने में शामिल थे।" उस मुकाबले की बात करें तो इस मैच में दो बार टॉस फेंका गया था, जिसमें कप्तान महेंद्र सिंह धौनी ने श्रीलंकाई कप्तान कुमार संगकारा की आवाज (हेड या टेल) नहीं सुनी थी और दोबारा टॉस हुआ था, जिसमें श्रीलंकाई टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी थी।
श्रीलंकाई टीम ने महेला जयवर्धने के शतक के दम पर निर्धारित 50 ओर में 6 विकेट के नुकसान पर 274 रन बनाए थे। वर्ल्ड कप फाइनल के हिसाब से ये स्कोर श्रीलंकाई टीम के लिए ठीक-ठाक था। हालांकि, भारतीय टीम को पहले ही ओवर में वीरेंद्र सहवाग और फिर कुछ देर में सचिन तेंदुलकर के रूप में दो झटके लगे और टीम दबाव में आ गई, लेकिन गौतम गंभीर(97 रन) नंबर 3 पर खेलते हुए विराट कोहली(35) और फिर एमएस धौनी(91) के साथ मैच को निकालकर ले गए।