अनुष्का का छलका दर्द बताया, विराट से शादी के बाद शुरुआती 6 महीनों में सिर्फ 21 दिन रहे साथ
अनुष्का शर्मा ने बताया कि विराट के साथ विदेशी दौरे पर मुझे क्वालिटी टाइम बिताने के लिए कड़ी मेहनत करनी पड़ती है।
नई दिल्ली, जेएनएन। विराट कोहली और अनुष्का शर्मा ने लंबे वक्त तक अफेयर के बाद दिसंबर 2017 में शादी कर ली थी। विराट व अनुष्का दोनों के शेड्यूल काफी बिजी होते हैं ऐसे में दोनों के लिए एक साथ क्वालिटी टाइम साथ में बिता पाना ज्यादा संभव नहीं हो पाता। हालांकि दोनों मौका मिलने पर एक-दूसरे को सरप्राइज देते रहते हैं और कभी विराट अनुष्का के सेट पर पहुच जाते हैं तो कभी अनुष्का विराट के साथ उनके टूर पर साथ में चली जाती हैं।
अनुष्का शर्मा अक्सर विराट के खेलने के दौरान उन्हें स्टैंड से चीयर करती दिख जाती हैं जिसकी वजह से भारतीय कप्तान विराट ने कई यादगार पारियां भी खेली हैं। हालांकि कई मौकों पर विराट के खराब प्रदर्शन का दोष अनुष्का को दिया जाता है पर विराट ने हमेशा ही कहा है कि अनुष्का की वजह से वो और ज्यादा प्रेरित होते हैं। हालांकि कोविड 19 महामारी के कारण हुए लॉकडाउन की वजह से दोनों को मुंबई में अपने आवास पर काफी वक्त एक साथ बिताने का मौका मिला है। इस दौरान दोनों इंस्टा पर लाइव चैट भी करते रहते हैं।
अब अनुष्का शर्मा ने अपने एक इंस्टा चैट के दौरान बताया कि किस तरह से भारतीय दौरे पर उन्हें विराट कोहली के साथ सयम बिताने के लिए कड़ी मेहनत करनी पड़ती है। उन्होंने कहा कि लोगों को ऐसा लगता है कि जब मैं विराट के पास या फिर वो मेरे पास आते हैं तो वो छुट्टी होती है, लेकिन सच में ऐसा नहीं है। हम दोनों में से कोई एक उस वक्त काम कर रहा होता है। सच तो ये है कि हमारी शादी के पहले छह महीनों में हमने सिर्फ 21 दिन ही साथ में बिताए। हैं मैंने ये कैलकुलेट किया है। जब मैं उनके साथ विदेशी दौरे पर जाती हूं तो निचोड़ यही है कि हम एक साथ खाना खा लें। ये हमारे लिए बहुत ही कीमती समय होता है।