बार्डर-गावस्कर में ऑस्ट्रेलिया को मजबूत भारतीय टीम की उम्मीद: एडम वोग्स
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व बल्लेबाज एडम वोग्स को उम्मीद है कि भारत संन्यास ले चुके दिग्गज खिलाड़ी विराट कोहली और रोहित शर्मा के बिना भी एक मजबूत टेस्ट टीम उतारेगा।

भारतीय टीम
पीटीआई, मुंबई। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व बल्लेबाज एडम वोग्स को उम्मीद है कि भारत संन्यास ले चुके दिग्गज खिलाड़ी विराट कोहली और रोहित शर्मा के बिना भी एक मजबूत टेस्ट टीम उतारेगा और अगले साल की शुरुआत में होने वाली पांच मैचों की बार्डर-गावस्कर ट्रॉफी में कड़ी टक्कर देगा।
मेजबान भारतीय टीम 21 जनवरी से नागपुर में आस्ट्रेलिया का सामना करेगी तो एक दशक में पहली बार कोहली और रोहित दोनों ही भारतीय टेस्ट टीम का हिस्सा नहीं होंगे।
पर्थ स्कार्चर्स और रोजर कुक की वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया सरकार के स्टेट आफ एनर्जी कैंपेन के बीच नई साझेदारी की घोषणा के लिए आयोजित एक कार्यक्रम से इतर बातचीत में वोग्स ने कहा कि यह एक तरह से कमान बदलने जैसा भी है, है ना? खेल के दो ऐसे दिग्गज जो लंबे समय तक भारतीय टेस्ट टीम के स्तंभ रहे हैं, इसलिए भारतीय टीम के लिए भी यह बदलाव का दौर है।
लेकिन वोग्स को घरेलू मैदान पर भारत की मज़बूती के बारे में कोई गलतफहमी नहीं थी। उन्होंने कहा कि कुछ युवा और शानदार प्रतिभाएं सामने आ रही हैं और जब भी मैं भारत आया हूं तो मैंने हमेशा देखा है कि यहां कितनी प्रतिभा है।
