सचिन के दोस्त की कप्तानी का समय था भारतीय क्रिकेट के लिए सबसे खराब?
भारतीय टीम के लिए ये दौर सबसे खराब था।
मुंबई। पूर्व भारतीय क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने कहा कि विश्व कप 2007 के आसपास का समय भारतीय क्रिकेट के लिए सबसे खराब क्षण था। उन्होंने बताया कि विश्व कप 2007 के पहले राउंड में ही बाहर होने के बाद भारतीय टीम में कई अहम बदलाव हुए।
सचिन ने बताया कि वर्ष 2006-07 का जो वक्त था वो भारतीय क्रिकेट के लिए शायद सबसे खराब दौर था। इस दौरान हमारी टीम 2007 विश्व कप सुपर 8 में भी क्वालीफाई नहीं कर पाई थी। वेस्टइंडीज से वापस होने के बाद हमने नए सिरे से शुरुआत की और नए तरीके से सोचना शुरू किया। इसके बाद टीम में कई बदलाव भी हुए।
वर्ष 2007 विश्व कप में राहुल द्रविड़ की अगुआई में भारतीय टीम श्रीलंका और बांग्लादेश से ग्रुप स्टेज के मुकाबले हारकर पहले राउंड में ही बाहर हो गई थी। सचिन ने कहा कि हमने कई बदलाव किए वो सही थे या गलत पता नहीं। बदलाव रातोंरात नहीं होते। हमने परिणाम का इंतजार किया। मैंने विश्व कप उठाने के लिए 21 वर्ष तक इंतजार किया। आपको बता दें कि सचिन धौनी की कप्तानी में वर्ष 2011 में विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा थे।