यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 20, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
70 फीट ऊंचे बिजली के टावर पर चढ़े युवक ने दी आत्महत्या की धमकी, एक घंटे तक चला ड्रामा
भिलाई का एक युवक 70 फीट ऊंचे बिजली के टावर पर चढ़ आत्महत्या की धमकी देने लगा। दरअसल उसकी पत्नी ...और पढ़ें

भिलाई, जागरण आनलाइन डेस्क। ससुराल में पत्नी को लेने आया युवक बिजली के टावर पर चढ़कर करीब एक घंटे तक नौटंकी करता रहा। तीज के दिन उसकी पत्नी मायके आई थी। वह पत्नी को लेने ससुराल आया था। लेकिन ससुर ने पत्नी को भेजने से इनकार कर दिया।
इससे नाराज होकर वह बिजली के टावर पर करीब 70 फीट की ऊंचाई पर चढ़ गया और खुदकुशी की चेतावनी देने लगा। इसकी सूचना मिलते ही पुरानी भिलाई पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को नीचे उतारने के लिए राजी किया।
ससुर ने पत्नी को भेजने से किया इनकार
जानकारी के अनुसार जिला रायपुर के ग्राम देवगांव खरोरा में रहने वाले होरीलाल पारधी (30) पत्नी को लेने अपने ससुराल गनियारी भिलाई-3 आया था। उसने अपने ससुर से अपनी पत्नी को भेजने के लिए कहा। लेकिन, उसके ससुर ने उसकी नहीं सुनी और पत्नी को भेजने से इनकार कर दिया।
इससे नाराज होकर वह गनियारी की हाईटेंशन लाइन के टावर पर चढ़ गया। टावर की ऊंचाई लगभग 75 फीट है और यह 70 फीट की ऊंचाई तक चढ़ गया था। जब वहां के लोगों ने उसे बिजली के टावर पर चढ़ते देखा तो पुलिस को इसकी सूचना दी। इस पर पुलिस वहां पहुंची और युवक को समझाने का प्रयास किया लेकिन उसने पुलिस की बात मानने से इनकार कर दिया।
तीज मनाने मायके आयी थी पत्नी
उसने कहा कि अगर उसकी पत्नी उसके साथ नहीं गई तो वह टावर से कूदकर आत्महत्या कर लेगा। पुलिस ने समझाया तो वह उतर गया। इसके बाद पुलिस उसे ससुराल ले गई। उसकी पत्नी तीज मनाने के लिए मायके आई थी लेकिन इसके बाद ससुराल नहीं लौटी।मंगलवार को होरीलाल पारधी खुद गनियारी आए तो ससुर ने पत्नी को भेजने से मना कर दिया। जिसके बाद वह बिजली के टावर पर चढ़ गया। टावर पर बिजली की सप्लायी चालू थी लेकिन, युवक को कोई नुकसान नहीं हुआ।
