केंद्रीय मंत्री भी कर रहे जेल की जंग को फॉलो
केंद्रीय जेल रायपुर में बंदियों का दो दिन तक चला ड्रामा 20 सितंबर से सोशल मीडिया पर चल रहा था। देश आजाद हो गया, जेल कब आजाद होगी नाम से फेसबुक पेज और ट्वीटर एकाउंट चल रहा है। दिलचस्प यह है कि ट्वीटर पर इसे फालो कर रहे 14 लोगों में केंद्रीय राज्य मंत्री विजय सांपला भी शामिल हैं।
नई दुनिया, रायपुर। केंद्रीय जेल रायपुर में बंदियों का दो दिन तक चला ड्रामा 20 सितंबर से सोशल मीडिया पर चल रहा था। देश आजाद हो गया, जेल कब आजाद होगी नाम से फेसबुक पेज और ट्वीटर एकाउंट चल रहा है। दिलचस्प यह है कि ट्वीटर पर इसे फालो कर रहे 14 लोगों में केंद्रीय राज्य मंत्री विजय सांपला भी शामिल हैं। सांपला केंद्रीय सामाजिक न्यास और अधिकारिता के राज्य मंत्री और पंजाब भाजपा के अध्यक्ष भी हैं। इस संबंध में उनसे बात करने की कोशिश की गई, लेकिन संपर्क नहीं हो पाया। वहीं, फेसबुक पर भी 20 से 27 सितंबर के बीच 12-13 पोस्ट हैं। इसे 18 से 24 लोगों ने लाइक किया है। इस तथाकथित जेल आंदोलन को लेकर सोशल साइट्स पर चल रहे प्रचार-प्रसार की जानकारी जेल प्रशासन को भी देर से मिली। सोमवार को मीडिया से चर्चा में एसपी डॉ. संजीव शुक्ला ने बताया कि जेल प्रशासन ने दो दिन पहले इसकी जानकारी दी थी। मामले को साइबर सेल को जांच के लिए दिया गया है।
गौरतलब है कि जेल में हुए इस ड्रामे के लिए एमसीएक्स कांड के मुख्य आरोपी नितिन चोपड़ा सहित तीन लोगों को मास्टर माइंड माना जा रहा है। सोशल मीडिया पर सभी पोस्ट में नितिन की भूमिका बताई जा रही है। पुलिस अफसरों का कहना है कि जेल के अंदर से सोशल एकाउंट को ऑपरेट नहीं किया जा सकता। पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह अकाउंट खुद नितिन ने बनाया था। अपने किसी विश्वासपात्र दोस्त के जरिए इसे ऑपरेट करा रहा था।