छत्तीसगढ़: तालाब में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत, नहाने के दौरान हुआ हादसा
छत्तीसगढ़ के डोंगरगढ़ स्थित भूरवाटोला में गुरुवार को तालाब में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। दोनों ...और पढ़ें

तालाब में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत
HighLights
डोंगरगढ़ के भूरवाटोला में तालाब में डूबने से हादसा।
12 वर्षीय हर्ष यादव और 7 वर्षीय शिवा बोरकर की मौत।
नहाने गए बच्चों के शव तालाब में मिले, शोक का माहौल।
राज्य ब्यूरो, डोंगरगढ़। नगर के वार्ड क्रमांक 20 स्थित भूरवाटोला में गुरुवार को तालाब में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। दोनों बच्चे दोपहर में नहाने के लिए बिनोखा तालाब गए थे। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की तो तालाब में दोनों के शव मिले। हादसे से क्षेत्र में शोक का माहौल है।
परिजनों के अनुसार, 12 वर्षीय हर्ष यादव पिता महेंद्र यादव और सात वर्षीय शिवा बोरकर पिता दीपक बोरकर गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे नहाने के लिए तालाब गए थे। हर्ष छठवीं और शिवा पहली कक्षा में पढ़ता था। दोनों डोंगरगढ़ में ही अध्ययनरत थे।
दोपहर करीब दो बजे तक दोनों के घर नहीं लौटने पर परिजन उनकी तलाश में निकले। इसी दौरान स्थानीय लोगों की नजर तालाब में तैरते एक बच्चे के शव पर पड़ी। ग्रामीणों ने खोजबीन की तो दूसरे बच्चे का शव भी तालाब में मिला। दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमार्टम के बाद शाम को दोनों बच्चों के शव परिजनों को सौंप दिए गए। परिजनों ने गुरुवार रात ही दोनों का अंतिम संस्कार किया। एक साथ दो मासूमों की मौत से दोनों परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। वहीं, भूरवाटोला में भी मातम पसरा हुआ है।