महादेव ऑनलाइन सट्टा का सरगना सौरभ चंद्राकर आठ दिन की CBI रिमांड पर, ईडी ने भी लगाया आवेदन
महादेव ऑनलाइन सट्टा मामले के मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर को रायपुर सीबीआई कोर्ट में पेश किया गया और उसे आठ दिन की सीबीआई रिमांड पर भेजा गया है।

सौरभ चंद्राकर आठ दिन की CBI रिमांड पर।
HighLights
सौरभ चंद्राकर को रायपुर कोर्ट ने 8 दिन की CBI रिमांड दी।
CBI पूछताछ के लिए आरोपी को दिल्ली मुख्यालय ले गई।
ईडी ने भी सौरभ चंद्राकर की रिमांड के लिए आवेदन दिया।
डिजिटल डेस्क, रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा मामले में मुख्य आरोपित सौरभ चंद्राकर को बुधवार को रायपुर के सीबीआई कोर्ट में पेश किया गया। सुनवाई के दौरान जांच एजेंसी ने सौरभ की 10 दिन की रिमांड मांगी थी। अदालत ने आठ दिनों के लिए सौंपने का आदेश दिया। आरोपित को 12 नवंबर को अदालत में दोबारा पेश करना होगा।
रिमांड मिलते ही एजेंसी सौरभ को लेकर दिल्ली रवाना हो गई।
सीबीआई अब दिल्ली स्थित अपने मुख्यालय में सौरभ से पूछताछ करेगी। अदालत के निर्देश के अनुसार पूछताछ सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में होगी। इधर, ईडी ने भी बुधवार को न्यायालय में आवेदन लगाकर सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के लिए रिमांड की मांग की है।
अदालत में सौरभ के वकील तुषार गिरी ने सीबीआई की गिरफ्तारी और रिमांड की मांग का विरोध किया। उन्होंने दलील दी कि भारत की ओर से ओमान को भेजे गए प्रत्यर्पण अनुरोध में ईडी के मामले को स्वीकृति मिली थी, जबकि सीबीआई के मामले को स्वीकृति नहीं दी गई थी।
2022 की एफआईआर से जुड़ा है मामला
महादेव ऑनलाइन सट्टा से जुड़े मामले में वर्ष 2022 में छत्तीसगढ़ सरकार ने 13 एफआईआर की जांच सीबीआई को सौंपी थी। इनमें से दो मामलों में आरोपपत्र दाखिल किए जा चुके हैं।
सीबीआई के अनुसार, महादेव बुक को सौरभ चंद्राकर, रवि उप्पल और उनके सहयोगियों ने मिलकर प्रमोट किया था। इसके माध्यम से क्रिकेट, फुटबॉल, ताश और अन्य खेलों पर ऑनलाइन सट्टा संचालित किए जाते हैं।
वहीं, सीबीआई के अलावा ईडी भी महादेव सट्टा मामले में मनी लॉन्ड्रिंग के एंगल से जांच कर रही है। ईडी, सौरभ चंद्राकर के खिलाफ अभियोजन शिकायत दाखिल कर चुकी है।