फुलपैंट में निकला आरएसएस का पथ संचलन, मुस्लिमों ने बरसाए फूल
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) का स्थापना दिवस आज विजयादशमी के अवसर पर मनाया गया। राजधानी में पहली बार स्वयंसेवक हाफ पैंट की जगह फुल पैंट में दिखे। संचलन में शामिल स्वयंसेवकों का मुस्लिम समाज के लोगों ने भी फूल बरसाकर स्वागत किया।
रायपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) का स्थापना दिवस आज विजयादशमी के अवसर पर मनाया गया। राजधानी में पहली बार स्वयंसेवक हाफ पैंट की जगह फुल पैंट में दिखे। संचलन में शामिल स्वयंसेवकों का मुस्लिम समाज के लोगों ने भी फूल बरसाकर स्वागत किया।
स्थापना दिवस समारोह का आयोजन इनडोर स्टेडियम कैंपस में किया गया था। वहां शहर के सैकड़ों स्वयंसेवक फुल यूनिफॉर्म में जुटे। इस मौके पर उन्होंने शस्त्र पूजन किया। इसके बाद पथ-संचलन निकाला गया। स्टेडियम से निकला पथ-संचलन अलग-अलग मार्गों का भ्रमण करते हुए एक घंटे में वापस स्टेडियम पहुंचा। रास्ते में जगह-जगह लोगों ने फूल बरसाकर स्वयंसेवकों का स्वागत किया गया।
'हिन्दुत्व में सभी समस्याओं का समाधान'
शस्त्र पूजन के मौके पर स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए संघ पदाधिकारियों ने कहा कि दुनिया की सारी समस्याओं का समाधान हिन्दुत्व में है। उन्होंने कहा कि हिन्दुत्व को दुनिया में स्थापित करने वाले संघ काम कर रहा है। संघ के स्वयंसेवक त्यागपूर्वक उसमें दिनरात लगे हैं। ग्लोबल वार्मिंग से लेकर सांस्कृतिक-सामाजिक पतन का जिक्र करते हुए संघ पदाधिकारियों ने कहा कि हिन्दुत्व से इन सब का समाधान संभव है।