छत्तीसगढ़: मां की मौत का बदला लेने के लिए पड़ोसी ने बुजुर्ग पति-पत्नी की हत्या की, जादू-टोने का शक
रायपुर में बुजुर्ग दंपती की हत्या का खुलासा हुआ है, जिसमें पड़ोसी प्रमोद साहू को जादू-टोने के शक और एक साल पुरानी रंजिश के चलते गिरफ्तार किया गया है।

रायपुर में जादू-टोने के शक में बुजुर्ग दंपती की हत्या

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, रायपुर। आरंग थाना क्षेत्र के ग्राम बिरबिरा में बुजुर्ग दंपती की हत्या के पीछे जादू-टोने की शंका और एक साल पुरानी रंजिश सामने आई है। आरोपित प्रमोद उर्फ रॉकी साहू (22) को शक था कि सदाशी साहू और उनकी पत्नी आसबती साहू ने जादू-टोना कर उसकी मां की जान ली थी। इसी शंका को मन में पालकर उसने दोनों की हत्या की साजिश रची।
वारदात के बाद उसने मृतका के शरीर पर पहने सोने-चांदी के जेवर और घर में रखे आभूषण भी लूट लिए। रायपुर ग्रामीण पुलिस ने इस दोहरे हत्याकांड की गुत्थी 48 घंटे के भीतर सुलझाते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल टंगिया और हंसिया समेत लूटे गए जेवर भी बरामद कर लिए हैं।
पुलिस के अनुसार, आठ अक्टूबर को ग्राम बिरबिरा के सरपंच चम्मन लाल साहू ने आरंग थाने पहुंचकर सूचना दी कि सदाशी साहू और उनकी पत्नी आसबती साहू की घर में घुसकर धारदार हथियार से हत्या कर दी गई है।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक नरेश साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम फोरेंसिक विशेषज्ञों और डॉग स्क्वायड के साथ मौके पर पहुंची। घर के अलग-अलग कमरों में दोनों के शव खून से लथपथ मिले। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
बुजुर्ग दंपती पर करने लगा था शक
जांच के दौरान पुलिस को गांव के ही प्रमोद उर्फ रॉकी साहू पर संदेह हुआ। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो हत्याकांड की परतें खुलती चली गईं। पुलिस के मुताबिक, करीब एक साल पहले आरोपित की मां की मृत्यु हो गई थी। इसके बाद से ही उसे संदेह था कि सदाशी साहू और उनकी पत्नी आसबती साहू ने जादू-टोना कर उसकी मां की जान ली है। इसी बात को लेकर वह मन ही मन दोनों से रंजिश रखने लगा था। वह गांव में भी इस शंका की चर्चा करता रहता था।
आरोपित को यह भी पता था कि बुजुर्ग दंपती के पास काफी जमीन है और आसबती साहू हमेशा सोने-चांदी के जेवर पहनती थीं। पुलिस के अनुसार, इसी जानकारी के चलते उसने हत्या के बाद जेवर लूटने की योजना भी बनाई। इस तरह मां की मौत को लेकर मन में बैठी जादू-टोने की शंका और जेवर लूटने की नीयत वारदात की प्रमुख वजह बनकर सामने आई।
सोते समय दोनों पर किया हमला
पुलिस के मुताबिक, आरोपित ने छह अक्टूबर की रात करीब 11:30 बजे वारदात को अंजाम दिया। घर के लोग सो गए तो वह टंगिया और हंसिया लेकर अपने मकान की छत से निकला। इसके बाद प्रहलाद साहू के मकान की छत पार करते हुए सदाशी साहू के घर की छत तक पहुंचा और वहां से नीचे उतरकर घर में दाखिल हुआ।
पहले कमरे में सो रहे सदाशी साहू के सिर पर टंगिया से वार कर उनकी हत्या कर दी। इसके बाद दूसरे कमरे में सो रही आसबती साहू पर हमला किया। आरोपित ने उनके सिर और गले पर टंगिया से वार किए तथा हंसिया से सीने और पेट पर हमला कर दिया। हमले में बुजुर्ग दंपती की मौत हो गई।
हत्या के बाद जेवर समेटे
दोनों की हत्या करने के बाद आरोपित ने आसबती साहू के शरीर पर पहने चांदी के कमरबंध, ऐंठी, माला और सोने की खिनवा सहित घर में रखी अंगूठी, बिछिया और सिक्के लूट लिए। वारदात के बाद उसने खून लगे हथियारों को नाली में धोया और सफेद बोरी में भरकर तामासिवनी रोड के किनारे झाड़ियों में छिपा दिया, ताकि पुलिस को आसानी से सुराग न मिल सके।
हालांकि, पुलिस ने संदेह के आधार पर आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने वारदात स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल टंगिया, हंसिया, खून लगी जींस पैंट और लूटे गए सोने-चांदी के सभी जेवर बरामद किए गए।
आरोपित जेल भेजा गया
पुलिस ने दर्ज अपराध में हत्या के प्रयास से संबंधित बताई गई धारा सहित छत्तीसगढ़ टोनही प्रताड़ना निवारण अधिनियम की धाराएं भी जोड़ी हैं। आरोपित प्रमोद उर्फ रॉकी साहू को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में आरंग थाना प्रभारी निरीक्षक नरेश साहू, सहायक उपनिरीक्षक पुष्पानंद ध्रुव और आरक्षक महेंद्र बघेल, दीनदयाल सोनवानी तथा दुर्गेश चंद्राकर की सराहनीय भूमिका रही। ग्रामीण पुलिस ने मामले का खुलासा कर दोहरे हत्याकांड की जांच में अहम सफलता हासिल की।
