छत्तीसगढ़ में हरेली त्यौहार पर आज सार्वजनिक अवकाश, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दी शुभकामनाएं, देंगे कई सौगात
Hareli Festival 2022 अपने शुभकामना संदेश में मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि हरेली छत्तीसगढ़ के जन-जीवन में रचा-बसा खेती-किसानी से जुड़ा त्यौहार है।इसमें अच्छी फसल की कामना के साथ खेती-किसानी से जुड़े औजारों की पूजा की जाती है। धरती माता की पूजा कर भरण पोषण के लिए आभार व्यक्त करते।
रायपुर, ऑनलाइन डेस्क। Hareli Tihar 2022: छत्तीसगढ़ में आज हरेली त्योहार मनाया जा रहा है। सावन अमावस्या पर छत्तीसगढ़ का पारंपरिक पर्व हरेली मनाई जा रही है, ग्रामीण इलाकों में किसान अपने हल और कृषि औजारों की पूजा करेंगे। बैलों की जोड़ी का सम्मान करते हुए उन्हें छत्तीसगढ़ी व्यंजनों का भोग अर्पित करेंगे। साथ ही प्रकृति का आभार व्यक्त करेंगे। इस मौके पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेशवासियों को हरेली त्योहार की बधाई और शुभकामनाएं दी है। अपने शुभकामना संदेश में मुख्यमंत्री बघेल ने कहा है कि हरेली छत्तीसगढ़ के जन-जीवन में रचा-बसा खेती-किसानी से जुड़ा पहला त्यौहार है। इसमें अच्छी फसल की कामना के साथ खेती-किसानी से जुड़े औजारों की पूजा की जाती है। इस दिन धरती माता की पूजा कर हम भरण पोषण के लिए उनका आभार व्यक्त करते हैं।
जानकारी हो कि प्राचीन मान्यता के अनुसार सुरक्षा के लिए घरों के बाहर नीम की पत्तियां लगाई जाती हैं। छत्तीसगढ़ की इस गौरवशाली संस्कृति और परम्परा को सहेजने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार ने हरेली त्यौहार के दिन सार्वजनिक अवकाश भी घोषित किया है।
मालूम हो कि मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि गांव-गांव में हरेली के पर्व को बड़े उत्साह और उमंग से मनाया जाता है। नागर, गैंती, कुदाली, फावड़ा समेत कृषि के काम आने वाले सभी तरह के औजारों की साफ-सफाई और पूजा की जाती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की प्राचीन संस्कृति और परंपरा हमारा गौरव है। छत्तीसगढ़ सरकार ने अपनी संस्कृति और परम्परा को सहेजने के लिए कई अहम फैसले लिए हैं। हरेली के दिन ही दो साल पहले प्रदेश की महत्वाकांक्षी और अनूठी ‘गोधन न्याय योजना’ का शुभारंभ हुआ है। यह खुशी की बात है कि ‘गोधन न्याय योजना’ योजना ने गांवों की अर्थव्यवस्था के लिए एक मजबूत और नया आधार तैयार किया है।
मुख्यमंत्री बघेल छत्तीसगढ़ को देंगे सौगात
हरेली पर्व के मौके पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल छत्तीसगढ़ को कई सौगात देंगे। एक ओर राज्य सरकार हरेली पर्व के मौके पर गोमूत्र खरीदी की शुरुआत करने जा रही है। वहीं हरेली पर्व पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल महतारी न्याय रथ यात्रा का शुभारंभ करेंगे। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल दुर्ग के पाटन विकासखंड के ग्राम करसा में गौठान से गोमूत्र की खरीदी कर इसका विधिवत शुभारंभ करेंगे।
रायपुर में गोमूत्र की खरीदी की शुरुआत अभनपुर विकासखंड के नवागांव (ल) और आरंग विकासखंड के ग्राम बड़गांव के गौठान से होगी। चार रुपये प्रति लीटर गोमूत्र की खरीदी और इससे कीटनाशक बनाने की तैयारियां पूरी हो गई हैं।
सीएम महतारी न्याय रथयात्रा को हरी झंडी दिखाकर करेंगे रवाना छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की पहल पर महतारी न्याय रथयात्रा को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल 28 जुलाई को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस रथ के माध्यम से सभी जिलों में शार्ट फिल्मों, संदेशों और ब्रोशर के माध्यम से महिलाओं के कानूनी प्रविधानों और उनके संवैधानिक अधिकारों के बारे में जानकारी दी जाएगी।