विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'पिछली सरकारों ने माओवाद पीड़ितों की नहीं ली सुध, हमने उनकी जिंदगी रोशन की', जनजातीय गौरव दिवस पर बोले पीएम मोदी

Published: Sun, 15 Nov 2026 11:04 PM (IST)

प्रधानमंत्री मोदी ने जनजातीय गौरव दिवस पर पिछली सरकारों पर माओवाद पीड़ितों की उपेक्षा का आरोप लगाया।

जनजातीय गौरव दिवस पर बोले पीएम मोदी।

जनजातीय गौरव दिवस पर बोले पीएम मोदी।

HighLights

  1. पिछली सरकारों ने माओवाद पीड़ितों को उनके हाल पर छोड़ा।

  2. पीएम मोदी ने ₹3000 करोड़ की परियोजनाओं का उद्घाटन किया।

  3. आदिवासी क्षेत्रों में विकास से माओवाद का खात्मा हुआ।

डिजिटल डेस्क, रायपुर। भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती जनजातीय गौरव दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आदिवासियों की गौरवशाली संस्कृति को याद किया। उन्होंने कहा कि एक समय था जब हमारे देश में अनेक दिवस और उत्सव विदेशी दृष्टिकोण से तय होते थे, लेकिन आज भारत अपनी विरासत को, इतिहास व नायकों को स्वदेशी स्वाभिमान के साथ गौरवपूर्वक याद कर रहा है।

इस अवसर पर विभिन्न राज्यों में करीब 3 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास हुआ है। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों ने माओवाद से पीड़ित लोगों को उनके हाल पर छोड़ दिया था। उनके अधिकार छीन लिए गए थे और सब मुंह पर ताला लगाकर बैठे थे। हमने सतत प्रयास से उनके जीवन को रोशन किया है।

प्रधानमंत्री रविवार को महाराष्ट्र के गढ़चिरौली समेत विभिन्न जगहों पर आयोजित कार्यक्रम को वर्चुअली संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि 15 नवंबर, 2021 से जनजातीय गौरव दिवस मनाने की जो शुरुआत हुई, आज वह एक राष्ट्रीय उत्सव बन चुका है। पिछले वर्ष भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर दो लाख से अधिक कार्यक्रम हुए थे। इस वर्ष भी बहुत उत्साह दिख रहा है।

राजग सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले 12-13 वर्षों में करीब 50 करोड़ लोगों को अत्यधिक गरीबी से बाहर निकालना आजादी के बाद देश की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक है। देश अब नक्सलवाद और माओवादी आतंक से मुक्त हो चुका है। ये दोनों उपलब्धियां आदिवासी समुदायों के जीवन से गहराई से जुड़ी हैं, जिन्हें लंबे समय तक हिंसा और विकास की उपेक्षा का सामना करना पड़ा।

माओवादी आतंक से आदिवासियों को हुआ सबसे अधिक नुकसान

पीएम ने कहा कि माओवादी आतंक से सबसे ज्यादा नुकसान हमारे आदिवासी जनजातीय समाज का हुआ है। 2014 से पहले देश के 100 से ज्यादा जिले माओवाद की चपेट में थे। हर साल सैकड़ों घटनाएं हुईं। हजारों निर्दोषों को मौत के घाट उतार दिया गया। मेरे इन जनजातीय समाज के भाई-बहनों को मतदान तक नहीं करने दिया जाता था।

आरोप लगाया कि माओवादी बच्चों को उनकी मां से जबरन छीनकर ले जाते थे और आदिवासी युवतियों का अपहरण करते थे, लेकिन तत्कालीन सरकारें बेबस होकर देखती रहती थीं। अब माओवादी हिंसा खत्म होने के बाद हालात बदल चुके हैं। मैंने इस बार दीवाली बस्तर में लोगों के साथ मनाई। हमने उनकी जिंदगी को आलोकित करने का काम किया है। ये दोनों उपलब्धियां हमारे जनजातीय भाई-बहनों के जीवन से गहराई से जुड़ी हैं।

इन योजनाओं से बदली तस्वीर

मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार ने आदिवासी क्षेत्रों में विकास को गति देने के लिए पीएम-जनमन योजना और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत एक लाख करोड़ रुपये से अधिक का प्रविधान किया है। साथ ही सरकार ने गरीब परिवारों को चार करोड़ से अधिक पक्के मकान उपलब्ध कराए हैं। आजादी के दशकों बाद भी बिजली से वंचित रहे 18 हजार गांवों तक बिजली पहुंचाई गई है।

प्रधानमंत्री ने बताया कि देशभर में 1.75 लाख से अधिक आयुष्मान आरोग्य मंदिर स्थापित किए गए हैं। इनके माध्यम से दूरदराज के आदिवासी इलाकों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा रही हैं। देश के 100 से अधिक आकांक्षी जिलों और 500 से अधिक आकांक्षी ब्लाकों में विशेष विकास अभियान चलाए जा रहे हैं। इनमें बड़ी संख्या में आदिवासी आबादी रहती है।

3,000 करोड़ की 246 परियोजनाओं का किया उद्घाटन व शिलान्यास

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने देशभर में आदिवासी समुदायों के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका के अवसरों और सामुदायिक बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के उद्देश्य से करीब 3,000 करोड़ रुपये की 246 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इनमें आदिवासी विद्यार्थियों के लिए 38 एकलव्य माडल आवासीय विद्यालय और प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम-जनमन) के तहत 100 बहुउद्देशीय केंद्र शामिल हैं।

प्रमुख परियोजनाओं में अरुणाचल प्रदेश के ईटानगर में जनजातीय अनुसंधान संस्थान (टीआरआइ) का भवन और मिजोरम के आइजोल में रोपुइलियानी जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय शामिल हैं। इसके अलावा आदिवासी उत्पादकों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के लिए 12 जनजातीय बहुउद्देशीय विपणन केंद्रों (टीएमएमसी) की आधारशिला रखी। प्रधानमंत्री ने पीएम-जनमन और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत 42 अन्य परियोजनाओं का भी शिलान्यास किया।

कई संगठनों पर कब्जा कर नेतृत्व कर रहे हैं 'दिमागी नक्सली' : नितिन नवीन

रायगढ़ जिले के दशहरा मैदान में आयोजित समारोह में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन शामिल होने वाले थे, लेकिन कोहरे के कारण उनका हेलिकाप्टर तय स्थान पर लैंड नहीं हो सका है। इसके बाद उन्होंने भी पीएम मोदी की तरह वर्चुअली सभा को संबोधित किया।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में बंदूक की जगह खेल मैदान लेंगे, तब विकास अलग ही दिखेगा। माओवादियों को तो हमने मिटा दिया, लेकिन अभी भी कुछ 'दिमागी नक्सली' कई संगठनों पर कब्जा करके नेतृत्व कर रहे हैं।

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।