'राजनीतिक दलों और संगठनों में घुस चुके हैं दिमागी नक्सल'; बस्तर में जवानों के बीच बोले पीएम मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने बस्तर में जवानों के साथ दिवाली मनाते हुए 'दिमागी नक्सलियों' के खतरे से आगाह किया, जो विभिन्न संगठनों में घुसपैठ कर देश विरोधी भावनाएं भड़का रहे हैं।

बस्तर में पीएम मोदी का संबोधन
जागरण संवाददाता, बस्तर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दीपावली के अवसर पर जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि सशस्त्र नक्सलियों का जंगलों से सफाया किया गया है, लेकिन खतरा अभी खत्म नहीं हुआ है। ‘दिमागी नक्सलियों’ ने कई संगठनों पर कब्जा कर लिया है। आज भी ये लोगों को देश के संविधान और लोकतंत्र के खिलाफ भड़का रहे हैं।
इन ‘दिमागी नक्सलियों’ ने कई राजनीतिक दलों और अलग-अलग संगठनों में भी घुसपैठ की है। हमें उन्हें पहचानना होगा, हराना होगा और देश व संविधान की सुरक्षा सुनिश्चित करनी होगी।
देश के सुरक्षा बलों के साथ दीपावली मनाने की अपनी परंपरा को जारी रखते हुए पीएम मोदी ने रविवार को बस्तर में नक्सल विरोधी अभियानों में तैनात सुरक्षा कर्मियों के साथ कई उत्सवों में हिस्सा लिया।
इस दौरान उन्होंने अबूझमाड़ और बस्तर में अभियानों के लिए ऐतिहासिक रूप से मुख्य केंद्र रहे करनपुर स्थित कोबरा आपरेशन बेस का दौरा किया। पीएम मोदी ने शिविर के स्मारक पर सीआरपीएफ के शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी।
जिस इलाके को कभी नक्सलवाद का सबसे मजबूत किला कहा जाता था, वहां जवानों के बीच पहुंचकर पीएम मोदी ने उनके साहस और बलिदान की सराहना की। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि इस क्षेत्र में नक्सलवाद के खात्मे के बाद यह पहली दिवाली है। इस दीपावली को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि आज देश का कोई भी जिला नक्सलवाद की चपेट में नहीं है।
पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कभी इस समस्या को असाध्य मानकर हालात के भरोसे छोड़ दिया गया था, लेकिन वर्ष 2014 के बाद मजबूत राजनीतिक इच्छाशक्ति ने तस्वीर बदल दी। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने सुरक्षा बलों को जरूरी फैसले लेने का अधिकार दिया है।
पिछली सरकारों ने जमीन पर लड़ रहे सुरक्षाबलों के हाथ भी बांध रखे थे। नक्सली हमले होते थे, लेकिन सुरक्षा बलों को खुलकर जवाब देने की आजादी नहीं थी। हमने सुरक्षा बलों को सभी जरूरी फैसले लेने की आजादी दी।
हमने सरकार और व्यवस्था के भीतर कुछ लोगों की ओर से वामपंथी उग्रवाद को दिए जा रहे समर्थन को रोकने के लिए भी काम किया। हमने संवेदनशीलता के साथ काम किया और माओवादी आतंकवाद की कमर तोड़ दी। सेवा भाव के साथ हमने नक्सल प्रभावित इलाकों के लोगों का जीवन बदल दिया। यही वजह है कि नक्सलवाद से पीड़ित लोग भी सरकार और सुरक्षा बलों के साथ मजबूती से खड़े हुए हैं। इस बड़ी लड़ाई को जीतने में अहम योगदान देने वाले कई नागरिक आज यहां मौजूद हैं। मैं उन सभी के प्रति आभार व्यक्त करता हूं।
हर साल जवानों के साथ त्योहार की परंपरा
वर्ष -- राज्य - स्थान
2014 - लद्दाख - सियाचिन
2015- पंजाब - डोगराई
2016- हिमाचल - किन्नौर के सुमदो
2017 - जम्मू-कश्मीर - गुरेज घाटी
2018- उत्तराखंड - हर्षिल घाटी
2019- जम्मू -कश्मीर - राजौरी
2020- राजस्थान - लोंगेवाला
2021- जम्मू-कश्मीर - नौशेरा
2022 - लद्दाख - कारगिल
2023 - हिमाचल - लेप्चा
2024 - गुजरात - कच्छ
2025 - गोवा - आईएनएस विक्रांत
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।