Mushroom Benefits: कोलेस्ट्राल को कम कर हार्ट अटैक से बचाता है मशरूम, छरहरा बनाने में भी मददगार
Mushroom Health Benefits औषधीय गुणों से भरपूर मशरूम स्वास्थ्य के लिए काफी फायदेमंद होते है। मशरूम फाइबर पोटेशियम विटामिन डी और प्रोटीन से भरपूर होते हैं। इससे रोगों से लड़ने की क्षमता भी बढ़ती है। मशरूम से शरीर की इम्यूनिटी मजबूत होती है।
बिलासपुर, जागरण आनलाइन डेस्क। Mushroom Health Benefits: मशरूम ज्यादातर लोगों को पसंद होता है। यह न सिर्फ स्वाद को बढ़ाता है बल्कि सेहत के लिए भी काफी फायदेमंद होता है। मशरूम से बनने वाली डिश के बारे में तो आप जानते ही होंगे, लेकिन इसके फायदों के बारे में बहुत कम लोग जानते हैं। इसे कुकुरमुत्ता भी कहा जाता है।
औषधीय गुणों से भरपूर मशरूम स्वास्थ्य के लिए काफी फायदेमंद होते है। मशरूम फाइबर, पोटेशियम, विटामिन डी और प्रोटीन से भरपूर होते हैं। इससे रोगों से लड़ने की क्षमता भी बढ़ती है।
इसमें कैलोरी कम होती है, जो वजन कम करने का भी काम करती है। देश में कई जगहों पर मशरूम की खेती की जाती है। औषधीय गुणों के कारण इसकी काफी मांग है। आइए आपको मशरूम के फायदों के बारे में बताते हैं।
कैंसर से लड़ने में मददगार
मशरूम कैंसर से लड़ने वाले गुण भी प्रदान करते हैं। राष्ट्रीय कैंसर संस्थान के अनुसार, मशरूम में मौजूद एंटीऑक्सिडेंट फेफड़े, प्रोस्टेट और स्तन कैंसर सहित कुछ प्रकार के कैंसर को रोकने में मदद कर सकते हैं।
इम्युनिटी होती है मजबूत
मशरूम से शरीर की इम्यूनिटी मजबूत होती है। इससे कई बीमारियों से लड़ने की ताकत मिलती है। मशरूम में पाए जाने वाले एंटीआक्सीडेंट और फाइटोकेमिकल्स इसे एंटीबैक्टीरियल और एंटीफंगल बनाते हैं। मशरूम के सेवन से माइक्रोबियल और अन्य फंगल संक्रमण भी ठीक होता है।
हार्ट के लिए फायदेमंद
इतना ही नहीं दिल के मरीजों के लिए भी मशरूम काफी फायदेमंद होता है। इसमें उच्च पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो कोलेस्ट्रॉल को कम करने में मदद करते हैं और दिल के दौरे के खतरे को कम करते हैं।
पाचन तंत्र को मजबूत करता है
मशरूम के सेवन से कब्ज, अपच आदि पेट की समस्याओं से राहत मिलती है। साथ ही यह रक्त में हीमोग्लोबिन के स्तर को भी बनाए रखता है, क्योंकि यह फोलिक एसिड और आयरन से भरपूर होता है, जिससे पाचन तंत्र मजबूत होता है।
एनीमिया के मरीज जरूर करें मशरूम का सेवन
मशरूम शरीर में खून की कमी को पूरा करता है। एनीमिया के मरीजों के लिए यह बहुत फायदेमंद होता है। मशरूम फोलिक एसिड और आयरन से भरपूर होते हैं, जो हीमोग्लोबिन के स्तर को बढ़ाने में मदद कर सकते हैं।
त्वचा के लिए फायदेमंद
मशरूम सेहत के साथ-साथ त्वचा के लिए भी बहुत फायदेमंद होता है। मशरूम त्वचा को चमकदार बनाता है। मशरूम में जीवाणुरोधी और रोगाणुरोधी गुण होते हैं, जो त्वचा पर मुंहासे पैदा करने वाले बैक्टीरिया के विकास को रोकने में मदद कर सकते हैं।