महादेव सट्टा मामले में बड़ा खुलासा, मुख्य आरोपी बोला- दुबई में हुई थी 15 करोड़ की डील; बताया कैसे हुआ था भुगतान?
महादेव ऑनलाइन सट्टा मामले में गिरफ्तार दिल्ली के वकील हिमांशु शेखर पर प्रमोटरों से 15 करोड़ रुपये लेकर आपराधिक मामले निपटाने का आरोप है।

महादेव सट्टा एप घोटाला मामला (सांकेतिक तस्वीर)
HighLights
हिमांशु शेखर पर महादेव सट्टा प्रमोटरों से 15 करोड़ लेने का आरोप।
मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर ने दुबई डील और हवाला भुगतान बताया।
ईडी ने हिमांशु के ठिकानों पर छापे मारे, दस्तावेज जब्त किए।
डिजिटल डेस्क, रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा मामले में गिरफ्तार दिल्ली के वकील हिमांशु शेखर पर प्रमोटरों से 15 करोड़ रुपये लेकर उनके खिलाफ चल रहे आपराधिक मामलों को 'संभालने' का भरोसा देने का आरोप है।
मामले के मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) को 15 और 18 नवंबर को दिए बयानों में दावा किया है कि अक्टूबर 2023 में दुबई के विला में हुई बैठक के दौरान हिमांशु को उससे मिलाया गया था। उसने न्यायिक और प्रशासनिक व्यवस्था में प्रभाव होने का दावा करते हुए इंटरपोल नोटिस निष्प्रभावी कराने और मामलों में राहत दिलाने का भरोसा दिया था।
सौरभ के अनुसार, इस डील के तहत 15 करोड़ रुपये दिसंबर 2023 से मार्च 2024 के बीच हवाला के जरिए पहुंचाए गए। आरोप है कि हिमांशु प्रमोटरों को बताता था कि यह रकम भारत में उच्च अधिकारियों तक पहुंचाई जानी है। उसने जजों और वकीलों से बातचीत होने और अदालतों में उनके पक्ष में व्यवस्थाएं की जाने का भरोसा भी दिलाया था। हिमांशु फिलहाल 28 नवंबर तक ईडी की हिरासत में है।
कुरैशी प्रोडक्शंस पर छापे के बाद हुई बैठक
सौरभ के अनुसार, अक्टूबर 2023 के पहले सप्ताह में मुंबई की फिल्म निर्माण कंपनी कुरैशी प्रोडक्शंस प्राइवेट लिमिटेड पर ईडी की छापेमारी के बाद दुबई में बैठक की योजना बनी थी। महादेव नेटवर्क से जुड़े वसीम कुरैशी और उसके सहयोगी हर्षवर्धन ने दुबई स्थित विला में बैठक आयोजित की थी। इसमें सौरभ चंद्राकर, रवि उप्पल, अधिवक्ता सुमित कोचर और हिमांशु शेखर शामिल हुए थे।
तलरेजा की गिरफ्तारी से जीता भरोसा
सौरभ ने 18 नवंबर के बयान में लोटस 365 से जुड़े पूर्व साझेदार और बुकी गिरीश तलरेजा का भी उल्लेख किया। उसके अनुसार, तलरेजा की गतिविधियों की जानकारी जुटाकर हिमांशु को दी गई थी। आरोप है कि हिमांशु ने भोपाल के एक होटल में ठहरे तलरेजा की उसी दिन गिरफ्तारी होने की बात कही। कुछ घंटे बाद ईडी ने तलरेजा को गिरफ्तार कर लिया। इस घटनाक्रम से प्रमोटरों का हिमांशु पर भरोसा बढ़ा।
छापे में मिली पर्चियों और कंपनी के कारोबार की जांच
ईडी ने 21 नवंबर को दिल्ली में हिमांशु से जुड़े चार ठिकानों पर तलाशी ली थी। इनमें पंचशील पार्क स्थित आवास और लाजपत नगर स्थित यस्या मीडिया प्राइवेट लिमिटेड का कार्यालय शामिल है। तलाशी में हस्तलिखित पर्चियां मिलीं, जिनमें करोड़ों रुपये के लेनदेन और हवाला से जुड़े हिसाब होने की आशंका है।
ईडी इनका मिलान सौरभ के बयानों से कर रही है। एजेंसी के अनुसार, कंपनी का कारोबार 2022-23 में 52.66 लाख रुपये से बढ़कर 2023-24 में 15.55 करोड़ रुपये हो गया। इस बढ़ोतरी की भी जांच की जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।