विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

महादेव सट्टा ऐप केस: प्रमोटर सौरभ चंद्राकर से मिलने 10 बार दुबई गया था दिल्ली का वकील, रायपुर के 7 होटलों पर भी ED की दबिश

Published: Thu, 26 Nov 2026 10:33 PM (GMT+05:30)

दिल्ली के वकील हिमांशु शेखर उर्फ मोहित पाठक की विदेश यात्राएं ईडी की जांच के दायरे में हैं, उन पर महादेव सट्टा प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को कानूनी राहत दिलाने के नाम पर 15 करोड़ रुपये लेने का आरोप है। 

महादेव सट्टा ऐप केस में गिरफ्तार दिल्ली के वकील से पूछताछ तेज। (फोटो-फाइल फोटो)

महादेव सट्टा ऐप केस में गिरफ्तार दिल्ली के वकील से पूछताछ तेज। (फोटो-फाइल फोटो)

HighLights

  1. वकील हिमांशु पाठक पर 15 करोड़ रुपये लेने का आरोप।

  2. दिसंबर से मई के बीच 10 से अधिक विदेश यात्राएं कीं।

  3. ईडी रायपुर के सात होटलों में भी छापेमारी कर रही है।

राज्य ब्यूरो, रायपुर। महादेव सट्टा के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को कथित तौर पर कानूनी राहत दिलाने के नाम पर 15 करोड़ रुपये लेने के आरोप में गिरफ्तार दिल्ली के वकील हिमांशु शेखर उर्फ मोहित पाठक की विदेश यात्राएं जांच के दायरे में हैं।

ईडी की जांच में सामने आया है कि हिमांशु ने दिसंबर 2023 से मई 2024 के बीच 10 से अधिक बार विदेश यात्राएं कीं। इनमें सात यात्राएं दिसंबर से मार्च के बीच हुईं। सौरभ के बयान के अनुसार, इसी अवधि में हवाला के जरिये रकम देने का सिलसिला चला था।

हिमांशु के मोबाइल में महादेव बुक से संबंधित वीडियो, हटाए गए वाट्सएप संदेश और संदिग्ध संपर्क मिले हैं। एजेंसी दूसरे आनलाइन सट्टा मंचों, विशेषकर स्काई एक्सचेंज से उसके संभावित संबंधों की भी जांच कर रही है। पूछताछ में विदेश यात्राओं के उद्देश्य, नोट्स में दर्ज रकम, कथित भुगतान के लाभार्थियों और डिजिटल संदेशों की भूमिका पर ध्यान दिया जा रहा है।

ईडी पूरे नेटवर्क की आर्थिक लेनदेन और संपर्क संबंधी कड़ियों का पता लगाने में जुटी है। हिमांशु फिलहाल 28 नवंबर तक ईडी की रिमांड पर है। उससे हवाला नेटवर्क, कथित प्रोटेक्शन मनी, वरिष्ठ अधिकारियों तक रकम पहुंचाने और दूसरे सट्टा मंचों से संबंधों के बारे में पूछताछ की जा रही है।

अधिकारियों तक रकम पहुंचाने का आरोपईडी के रिमांड आवेदन के अनुसार, दुबई स्थित विला नंबर 45 में महादेव प्रमोटरों के साथ बैठक के दौरान हिमांशु ने कानूनी मामलों में राहत दिलाने का भरोसा दिया था। आरोप है कि इसके बदले सौरभ ने 15 करोड़ रुपये दिए।

रकम का भुगतान दिल्ली-मुंबई के हवाला आपरेटरों के जरिये नकद में किया गया। तलाशी में मिले हस्तलिखित नोट्स में करोड़ों के हिसाब के साथ राजू भाई और वसीम नाम के हवाला आपरेटरों का उल्लेख मिला है। अधिकारियों तक रकम पहुंचाने के आरोपों की भी जांच की जा रही है।

वीआइपी रोड के सात होटलों में ईडी की दबिश

इधर, रायपुर के वीआईपी रोड स्थित सात होटलों में ईडी की टीमों ने छापेमारी की है। बताया जा रहा है कि इन होटलों के महादेव सट्टा एप प्रमोटर सौरभ चंद्राकर से कथित संबंधों की जांच की जा रही है। टीम दस्तावेज और अन्य साक्ष्यों की पड़ताल कर रही है। हालांकि, कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि ईडी की ओर से नहीं की गई है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।