विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

छत्तीसगढ़: 19 लोगों की जान लेने वाला 'कबरा' हाथी झुंड से बिछड़ा, वन विभाग की बढ़ी चिंता 

Published: Fri, 20 Nov 2026 09:16 PM (IST)

19 लोगों की जान लेने वाला कबरा हाथी रेडियो कॉलर लगने के बाद फिर अकेला हो गया है। वन विभाग उसकी निगरानी कर रहा है क्योंकि अकेला हाथी अधिक आक्रामक हो सकता है, और उसे रेस्क्यू सेंटर भेजने का विकल्प भी है।

19 लोगों की जान लेने वाला हाथी दल से बिछड़ा। (फोटो- जागरण)

19 लोगों की जान लेने वाला हाथी दल से बिछड़ा। (फोटो- जागरण)

HighLights

  1. कबरा हाथी रेडियो कॉलर लगने के बाद फिर अकेला हुआ।

  2. उसने 19 लोगों को कुचला, फसलें व मकान क्षतिग्रस्त किए।

  3. वन विभाग अकेले हाथी के आक्रामक होने पर चिंतित है।

डिजिटल डेस्क, अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ में सरगुजा जिले के उदयपुर वन परिक्षेत्र में 17 हाथियों के झुंड का मुखिया बना कबरा हाथी रेडियो कालर लगाने के बाद फिर अकेला हो गया है। बुधवार को रामगढ़ की पहाड़ी पर उसे ट्रेंक्यूलाइज कर कालर आइडी लगाई गई थी।

गुरुवार को बेड़ियां खोलने के बाद देर रात वह पहाड़ी से नीचे उतरा। मृगाडांड़ बस्ती के पास खेतों में घुसकर धान की फसल खाई। घोघरा बांध में नहाने के बाद जंगल की ओर चला गया। रास्ते में मिले जलस्रोतों का पानी सूंड़ से उठाकर शरीर पर डालता रहा। निगरानी के दौरान ड्रोन को देखकर उसने सूंड़ उठाकर नाराजगी भी जताई।

कालर लगाने के बाद भी न तो उसका व्यवहार बदला, न ही उसकी मस्ती में कोई कमी आई है। बता दें कि कबरा हाथी ने पिछले छह महीने में सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर जिले में 19 लोगों को कुचलकर मार डाला था।उसने दर्जनों मकानों को क्षतिग्रस्त करने के साथ फसलों को भी नुकसान पहुंचाया है।

इसी कारण वन विभाग ने उसे ट्रेंक्यूलाइज कर कालर आइडी लगाई। यह अभियान 13 नवंबर से शुरू हुआ था। उदयपुर के सायर जंगल में उसका सामना 17 हाथियों के झुंड से हुआ। दल के नर हाथी को परास्त कर वह मुखिया बन गया। छह दिनों तक झुंड में रहने के दौरान उसका मूवमेंट सीमित रहा और उसने कोई नुकसान नहीं पहुंचाया। अब झुंड उससे करीब पांच किलोमीटर दूर है।

अकेलेपन से बढ़ सकता है खतरामुख्य वन संरक्षक (वन्यप्राणी) डॉ. प्रणय मिश्रा के अनुसार, अकेला रहने वाला हाथी अधिक आक्रामक हो सकता है। वन विभाग तीन प्रशिक्षित हाथियों से कबरा की निगरानी कर रहा है। विभाग के सामने उसे प्राकृतिक माहौल में छोड़ने या रेस्क्यू सेंटर ले जाने का विकल्प है। आबादी में घुसने या मकानों में तोड़फोड़ करने पर उसे रेस्क्यू सेंटर भेजा जाएगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।