जोगी ने सीएम रमन समेत 10 के खिलाफ की शिकायत
छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस (जोगी) के संस्थापक अजीत जोगी ने सिविल लाइन थाने पहुंचकर मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह सहित भाजपा के अन्य 10 नेताओं पर धोखाधड़ी की शिकायत की।
नईदुनिया, रायपुर। छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस (जोगी) के संस्थापक अजीत जोगी ने शुक्रवार दोपहर सिविल लाइन थाने पहुंचकर मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह सहित भाजपा के अन्य 10 नेताओं पर धोखाधड़ी की शिकायत की। जोगी अपने समर्थकों के साथ जब सिविल लाइन थाना पहुंचे तो पुलिस ने रिपोर्ट लिखने से इन्कार किया। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जमकर प्रदर्शन किया।
जोगी ने कहा कि भाजपा ने किसानों को धान समर्थन मूल्य व बोनस की राशि के नाम पर नगद राशि का प्रलोभन दिया था। नगद राशि का प्रलोभन देना अपराध की श्रेणी में आता है। कहा कि इसे धोखाधड़ी इसलिए कहा जाएगा क्योंकि इन नेताओं ने घोषणापत्र में नगद राशि देने की बात कही थी, जैसा कि चिटफंड कंपनियां करती हैं।
उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय नेताओं को चेतावनी दी कि वे किसानों के साथ धोखाधड़ी करके बच नहीं सकते, क्योंकि वह स्वयं इस मामले को न्यायालय तक ले जाएंगे।