महादेव सट्टा केस में बड़ा एक्शन, रवि उप्पल और विकास अग्रवाल को दुबई से लाने पहुंची ED-CBI की टीम
ईडी और सीबीआई की टीमें महादेव सट्टा और शराब घोटाले के दो आरोपितों, रवि उप्पल और विकास अग्रवाल को दुबई से भारत लाने पहुंची हैं।

महादेव सट्टा केस में बड़ा एक्शन।
HighLights
ईडी-सीबीआई टीमें रवि उप्पल, विकास अग्रवाल को दुबई से लाएंगी।
महादेव सट्टा और शराब घोटाले में दोनों आरोपित वांछित हैं।
प्रत्यर्पण प्रक्रिया के बाद हवाला नेटवर्क की जांच होगी।
डिजिटल डेस्क, रायपुर। शराब घोटाले और महादेव सट्टा मामले के दो आरोपितों को दुबई से भारत लाने की कवायद शुरू हो गई है। महादेव सट्टा के मुख्य आरोपित सौरभ चंद्राकर को ओमान के मस्कट से गिरफ्तार किया जा चुका है। सौरभ अभी रायपुर जेल में बंद है। उसकी गिरफ्तारी के बाद अब विदेश में बैठे रवि उप्पल और विकास अग्रवाल को भी भारत लाने ईडी और सीबीआई की टीम दुबई पंहुच गई है।
दुबई से दोनों को भारत लाने के लिए विदेश मंत्रालय के समन्वय से सीबीआई और प्रवर्तन निदेशालय की टीमें दुबई पहुंची हैं।
प्रत्यर्पण की कानूनी प्रक्रिया तेज
जांच एजेंसियां दोनों आरोपियों को भारत लाने के लिए कानूनी और कूटनीतिक औपचारिकताएं पूरी करने में जुटी हैं। सूत्रों के मुताबिक, प्रत्यर्पण से संबंधित जरूरी दस्तावेजों और प्रक्रियाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है। इसके लिए इंटरपोल और दुबई प्रशासन के साथ समन्वय किया जा रहा है। प्रत्यर्पण की मंजूरी मिलने के बाद दोनों आरोपियों को भारत लाया जा सकता है। इसके बाद उन्हें रायपुर की विशेष अदालत में पेश कर पूछताछ के लिए रिमांड पर लेने की तैयारी है।
विकास अग्रवाल उर्फ सुब्बू से शराब घोटाले में कथित वित्तीय लेन-देन, अन्य आरोपितो के साथ संपर्क और पूरे नेटवर्क को लेकर पूछताछ की जा सकती है। वहीं, महादेव ऑनलाइन सट्टा मामले में रवि उप्पल से नेटवर्क के संचालन, पैसों के लेन-देन और विदेशों में फैले कथित कारोबार से जुड़े सवाल किए जाने की संभावना है।
हवाला और विदेशों में संपत्तियों की भी हो सकती है जांच
जांच एजेंसियों को उम्मीद है कि दोनों आरोपितों से पूछताछ में कथित हवाला नेटवर्क, मनी लॉन्ड्रिंग और विदेशों में मौजूद संपत्तियों से जुड़े अहम सुराग मिल सकते हैं। हालांकि, दोनों को भारत लाने की प्रक्रिया अभी कानूनी और कूटनीतिक औपचारिकताओं पर निर्भर है।