विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 26, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Loksabha Elections: लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने कसी कमर, आज होगी बैठक; सचिन पायलट होंगे शामिल

By Jagran NewsEdited By: Jeet Kumar
Published: Fri, 26 Jan 2024 06:15 AM (IST)

कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के लिए तैयारी तेज कर दी है। राजीव भवन में 26 जनवरी को कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी ...और पढ़ें

कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के लिए तैयारी तेज कर दी है
कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के लिए तैयारी तेज कर दी है

राज्य ब्यूरो, रायपुर। कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के लिए तैयारी तेज कर दी है। राजीव भवन में 26 जनवरी को सुबह साढ़े 11 बजे कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक रखी गई है। इसमें राज्यसभा सदस्य रजनी पाटिल, प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट समेत अन्य पदाधिकारी शामिल होंगे। दूसरे दिन 27 जनवरी को 11 बजे प्रदेश चुनाव समिति की बैठक होगी।

कांग्रेस ने 11 लोकसभा सीटों के लिए 20 लोगों की टीम तैयार की है। रजनी पाटिल वरिष्ठ नेताओं, विधायकों, पूर्व विधायकों से इनके क्षेत्र को लेकर चर्चा करेंगी। गौरतलब है कि कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा 10 दिन बाद पांच फरवरी को छत्तीसगढ़ में प्रवेश कर सकती है। इसका कारण असम में यात्रा का पूरा न हो पाना है। पहले संभावना थी कि कांग्रेस की यह यात्रा 15 से 18 फरवरी के बीच रायगढ़ के रास्ते छत्तीसगढ़ में प्रवेश करेगी।

राम के नाम पर राजनीति कर रही भाजपा

बैजवहीं, बिलासपुर दौरे के दौरान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने मीडिया से चर्चा में आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा राम के नाम पर राजनीति कर रही है। देश की आर्थिक स्थिति बदहाल है। ज्वलंत मुद्दों से लोगों का ध्यान भटकाने के लिए भाजपा राम का सहारा ले रही है। लोगों की आस्था राम से जुड़ी हुई है। भाजपा लोगों के आस्था के साथ खिलवाड़ कर रही है।

बीते पांच वर्ष के दौरान हमारी सरकार ने सभी क्षेत्रों में ईमानदारी के साथ काम किया है। किसानों से लेकर आम लोगों और युवाओं से लेकर उद्यमियों सभी को साथ लेकर चली है और सभी की भावनाओं का ख्याल भी रखा गया। हार के कारणों पर कहा कि इसके एक कारण कदापि नहीं हो सकते। कई कारण होते हैं। इस संबंध में लगातार चर्चा हो रही है।

संगठन में बदलाव के दिए संकेत

एक सवाल के जवाब में प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जितना संभव होगा, संगठन में बदलाव करेंगे। कर्मठ और ईमानदार कार्यकर्ताओं को मौका मिलेगा। विधानसभा चुनाव के दौरान भीतरघात को लेकर शिकायत और कार्रवाई के संबंध में कहा कि जहां से शिकायत मिली थी, जांच रिपोर्ट के बाद कार्रवाई की गई है। अभी भी बहुत सारी शिकायतें लंबित हैं। जिस पर जांच की जा रही है। रिपोर्ट मिलने के बाद अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। जिन कांग्रेसजनों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई है, उनकी वापसी को लेकर विचार किया जाएगा। आरोपों की गंभीरता के आधार पर आगे की प्रक्रिया की जाएगी।

भाजपा की 10 पीढ़ी भी कांग्रेस को समाप्त नहीं कर सकती

बैज ने भाजपा को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि भाजपा के शीर्ष नेता कहते हैं कि कांग्रेस को खत्म कर देंगे। उन्हें नहीं मालूम कि भाजपा की 10 पीढ़ी भी कांग्रेस को समाप्त नहीं कर सकती। कांग्रेस एक विचारधारा है जो आजादी की लड़ाई के साथ ही भारत की आत्मा में रची बसी है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं में आत्मविश्वास और जोश भरते हुए कहा कि मैं कांग्रेस का सिपाही हूं।