पहले पति को मारने के बाद अब दूसरे पति की ली जान, छत्तीसगढ़ के बेडमा से कातिल पत्नी गिरफ्तार
कोंडागांव में पूर्व सरपंच गोविंद नेताम की हत्या का खुलासा हुआ है, जिसमें उनकी पत्नी भगनी नेताम मुख्य आरोपी निकली ...और पढ़ें
-1793639655058_m.webp)
कोंडागांव में पूर्व सरपंच की हत्या (यह तस्वीर AI की मदद से बनाई गई है।)
चिराग उपाध्याय, कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले के केशकाल थाना क्षेत्र में पूर्व सरपंच गोविंद नेताम की हत्या के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। इस हत्याकांड में मृतक की पत्नी भगनी नेताम ही मुख्य आरोपी निकली है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला ने धारदार हथियार से हमला कर अपने पति की हत्या की थी। वारदात के बाद फरार हुई महिला को पुलिस ने बेडमा से गिरफ्तार कर लिया है। मामले का खुलासा एसडीओपी अरुण नेताम ने मीडिया के समक्ष किया।
दरअसल, पूरा मामला केशकाल थाना क्षेत्र के ग्राम अरंडी का है, जहां बीती रात पूर्व सरपंच गोविंद नेताम की उनके ही घर में धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई थी। घटना की सूचना मिलते ही केशकाल पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू की।
पुलिस ने घटना के विभिन्न पहलुओं की जांच करते हुए मृतक की पत्नी भगनी नेताम की भूमिका को संदिग्ध पाया। इसके बाद पुलिस टीम ने उसकी तलाश शुरू की। लगातार पतासाजी के बाद पुलिस ने बेडमा में घेराबंदी कर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ और जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि गोविंद नेताम की हत्या उसकी पत्नी भगनी नेताम ने ही धारदार हथियार से हमला कर की थी। आरोपी महिला को गिरफ्तार कर पुलिस आगे की वैधानिक कार्रवाई में जुट गई है।
तीन साल से मृतक के साथ रह रही थी आरोपी
ग्रामीणों के अनुसार, भगनी नेताम पिछले करीब तीन वर्षों से गोविंद नेताम के साथ रह रही थी। ग्रामीणों ने महिला के शराब सेवन करने की बात भी बताई है। वहीं, पुलिस के अनुसार आरोपी महिला इससे पहले अपने पहले पति की हत्या के मामले में भी जेल जा चुकी है।
फिलहाल पुलिस हत्याकांड के पीछे के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है। आखिर किन परिस्थितियों में आरोपी महिला ने इस वारदात को अंजाम दिया और हत्या के पीछे क्या वजह रही, इसका खुलासा विस्तृत पूछताछ एवं पुलिस विवेचना के बाद ही हो सकेगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।