चुनावी बिगुल से पहले दावेदारों ने ठोकी ताल, छत्तीसगढ़ नगरीय निकाय चुनाव में टिकट के लिए मची होड़
छत्तीसगढ़ के 17 नगरीय निकायों में चुनाव की तारीखों का ऐलान भले ही बाकी है, लेकिन भाजपा और कांग्रेस में टिकट के दावेदारों ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है।

छत्तीसगढ़ नगर निकाय चुनाव (प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
17 नगरीय निकायों में चुनाव की घोषणा जल्द संभव।
भाजपा-कांग्रेस में टिकट के लिए दावेदारों की सक्रियता बढ़ी।
बघेल परिवार के सदस्य आमने-सामने होने की संभावना।
राज्य ब्यूरो, रायपुर। प्रदेश के चार नगर निगमों समेत 17 नगरीय निकायों में तारीखों का ऐलान भले ही अभी बाकी है, लेकिन सियासी जोड़तोड़ शुरू हो गई है।
भाजपा और कांग्रेस में टिकट के दावेदारों ने अपनी-अपनी गोटियां बिछानी शुरू कर दी हैं। चार नगर निगमों में कहीं पूर्व महापौर फिर से मैदान में उतरने की तैयारी में हैं तो कहीं नेताओं की पत्नियों और रिश्तेदारों ने दावेदारी पेश करने तैयार है।
टिकट के लिए दावेदारों में मची होड़
भिलाई-चरौदा में दिलचस्प मुकाबला देखने को मिल सकता है, जहां पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के परिवार के सदस्य कांग्रेस और भाजपा से आमने-सामने हो सकते हैं।
प्रदेश के चार नगर निगम भिलाई, बीरगांव, रिसाली और भिलाई-चरौदा के अलावा पांच नगर पालिका और आठ नगर पंचायतों सहित कुल 17 नगरीय निकायों में चुनाव होना है। चारों नगर निगमों में महापौर की कुर्सी के लिए सरगर्मी ज्यादा है।
भाजपा और कांग्रेस में महापौर पद के टिकट के लिए दावेदारों ने सक्रियता बढ़ा दी है। चारों नगर निगमों में दोनों प्रमुख पार्टियों के अलावा आम आदमी पार्टी व जोहार छत्तीसगढ़ भी अपनी जमीन मजबूत करने में जुटे हैं। दोनों प्रमुख दलों में प्रत्याशियों की अधिकृत घोषणा दिसंबर के पहले सप्ताह में होने की संभावना है।
राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से नवंबर के आखिरी सप्ताह में चुनाव कार्यक्रम घोषित किया जा सकता है। ऐसा होने पर संबंधित नगरीय निकायों में आदर्श आचार संहिता लागू हो जाएगी।
बीरगांव नगर निगम में कांग्रेस से निवर्तमान महापौर नंदलाल देवांगन की पत्नी लता देवांगन, लोकेश्वरी साहू और पुष्पलता वैष्णव प्रमुख दावेदार मानी जा रही हैं। वहीं, भाजपा से पूर्व महापौर अंबिका यदु, सुनीता वर्मा, पदमा चंद्राकर के नाम चर्चा में हैं।
भिलाई में विधायक, चरौदा में रिश्तेदार तो रिसाली में महिला दावेदारों की दौड़ भिलाई नगर निगम में महापौर पद पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित है। यहां कांग्रेस और भाजपा के विधायक देवेंद्र यादव और रिकेश सेन के नाम भी चर्चा में हैं। हालांकि, देवेंद्र यादव पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि वह या उनके परिवार का कोई सदस्य चुनाव मैदान में नहीं उतरेगा।
कांग्रेस से पूर्व महापौर नीता लोधी, निवर्तमान महापौर नीरज पाल, जिला अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर और अतुल साहू के नाम दावेदारों में शामिल हैं। भाजपा से जिला अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन, पूर्व जिला अध्यक्ष महेश वर्मा और भोजराज सिन्हा के नाम चर्चा में हैं।
भिलाई-चरौदा में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के भतीजे सुजीत बघेल की दावेदारी बताई जा रही है। इनके अलावा निवर्तमान सभापति कृष्णा चंद्राकर और मोहन साहू भी टिकट की दौड़ में हैं।
भाजपा से पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष शशिकांत बघेल, कृष्णा चंद्राकर और मनीष बंछोर के नाम सामने आ रहे हैं। शशिकांत बघेल, सांसद विजय बघेल और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नजदीकी रिश्तेदार हैं।
ऐसे में दोनों प्रमुख दलों से बघेल परिवार के सदस्यों के चुनाव मैदान में उतरने पर मुकाबला दिलचस्प हो सकता है।
रिसाली नगर निगम में महापौर पद अनुसूचित जाति महिला वर्ग के लिए आरक्षित है। कांग्रेस से रामेश्वरी गायकवाड़, रिंकी मांडले और हेमिन चतुर्वेदी के नाम दावेदारों में शामिल हैं। वहीं, भाजपा से डा. पार्वती कुर्रे, पार्वती ढीढी और चंदेश्वरी बांधे के नाम चर्चा में हैं।
यहां चुनाव है प्रस्तावित नगर निगम बीरगांव, भिलाई, भिलाई-चरौदा व रिसाली, नगरपालिका परिषद जामुल, सारंगढ़, बैकुंठपुर, शिवपुर-चरचा व खैरागढ़ व नगर पंचायत प्रेमनगर, मारो, कोंटा, नरहरपुर, भैरमगढ़ एवं भोपालपट्टनम। नवगठित नगर पंचायत तमनार और बड़ी करेली।
कांग्रेस-भाजपा की प्रतिष्ठा पर दांव
दुर्ग जिले के भिलाई, रिसाली, भिलाई-चरौदा और बिरगांव नगर निगमों पर कांग्रेस का कब्जा है, जिसे बरकरार रखने की चुनौती है। 2021 में जब चुनाव हुए थे, तब राज्य में कांग्रेस की सरकार थी। अब स्थिति उलट है इसलिए भाजपा की प्रतिष्ठा दांव पर है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।