विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

छत्तीसगढ़ में खून जैसा लाला हुआ आसमान, क्या चक्रवात अर्णब से है कनेक्शन? वीडियो वायरल

Published: Thu, 29 Oct 2026 04:07 PM (IST)

छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा और किरंदुल में आसमान का रंग गहरा लाल दिखने से लोग हैरान हैं, जिसके वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।

HighLights

  1. दंतेवाड़ा-किरंदुल में आसमान का रंग गहरा लाल दिखा।

  2. विशेषज्ञों ने चक्रवात अर्णब को लाल आसमान का कारण बताया।

  3. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो से लोग हुए हैरान।

डिजिटल डेस्क, रायपुर। छत्तीसगढ़ के कुछ इलाके के आसमान के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। वायरल वीडियो में आसमान का रंग गहरे लाल रंग का नजर आ रहा है।

दंतेवाड़ा और किरंदुल क्षेत्र में दिखे इस मंजर को देखकर लोग हैरान हैं। लोग आसमान के लाल रंग का संबंध साइक्लोन अर्णब से जोड़ रहे हैं।

हालांकि मौसम विभाग ने आसमान के लाल रंग और चक्रवात के बीच किसी भी तरह के संबंध की पुष्टि नहीं की है। लेकिन ऑस्ट्रेलिया और दुनिया के अन्य हिस्सों में भी चक्रवात आने से पहले ऐसे ही नजारे देखने को मिले हैं।

क्यों लाल हुआ आसमान?

'द न्यूयॉर्क टाइम्स' के अनुसार, विशेषज्ञों का कहना है कि चक्रवात की तेज हवाएं भारी मात्रा में धूल, रेत या आयरन से भरपूर लाल मिट्टी को उठाकर वायुमंडल में काफी ऊंचाई तक पहुंचा सकती हैं।

चक्रवात अर्णब के मामले में भी शायद ऐसा ही हुआ है, जिसने छत्तीसगढ़ के ऊपर के आसमान को असामान्य रूप से लाल कर दिया है।

विदेशों में पहले भी देखा गया ऐसा नजारा

इसी साल मई में पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया में साइक्लोन नरेल के दौरान भी ऐसा ही नजारा देखने को मिला था। नेशनल ओशनिक एंड एटमॉस्फेरिक एडमिनिस्ट्रेशन के अनुसार ऑस्ट्रेलिया के उस हिस्से की मिट्टी में आयरन की मात्रा बहुत अधिक होती है, जो चक्रवाती मौसम में ऑक्सीडेशन की प्रक्रिया से गुजरती है

जब चक्रवात के कारण यह मिट्टी तेजी से हवा में उड़ने लगती है, तो आसमान का नजारा बिल्कुल मंगल ग्रह जैसा दिखने लगता है।

सोशल मीडिया पर यूजर्स ने दिए रिएक्शन

दंतेवाड़ा और आसपास के इलाकों में दिखे इस खौफनाक और हैरान कर देने वाले दृश्य ने सोशल मीडिया यूजर्स को हैरान कर दिया। 

एक यूजर ने लोकप्रिय नेटफ्लिक्स सीरीज स्ट्रेंजर थिंग्स का हवाला देते हुए लिखा, 'क्या दुनिया उल्टी हो गई है?' वहीं एक यूजर ने 'स्ट्रेंजर थिंग्स' का ही हवाला देते हुए कहा, 'वेकना (Vecna) आ रहा है।' कुछ अन्य लोगों ने कहा कि यह आसमान बिल्कुल 'ईविल डेड' फिल्म के सेट जैसा लग रहा है।

वहीं कुछ यूजर्स ने लोगों को सावधान रहने की सलाह दी और इस नजारे के खतरनाक होने की संभावना जताई।

चक्रवात अर्णब मचा रहा है तांडव

चक्रवात अर्णब 28 अक्टूबर को आंध्र प्रदेश के तट से टकराया है। 130 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाओं ने तबाही मचाई है। बड़े पैमाने पर पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ गए, सैकड़ों एकड़ फसलें और रिहायशी इलाके जलमग्न हो गए।

आंध्र प्रदेश में चक्रवात से जुड़ी अलग-अलग दुर्घटनाओं में अब तक 5 लोगों की मौत हो चुकी है। इसके प्रभाव 31 अक्टूबर तक बने रहने की संभावना है।

आंध्र प्रदेश से लेकर ओडिशा, छत्तीसगढ़ और बिहार तक राज्य सरकारों ने चक्रवात प्रभावित क्षेत्रों से लोगों को निकालने और राहत पहुंचाने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं।

यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़: बूढ़ापारा में पुराना मकान ढहा, 50 से ज्यादा घरों की बिजली गुल