छत्तीसगढ़ में आयकर विभाग की जांच 450 करोड़ के रेलवे ठेके तक पहुंची, 225 करोड़ की गड़बड़ी के संकेत
छत्तीसगढ़ में बर्बरिक कंस्ट्रक्शन और पीआरए समूह के 50 ठिकानों पर आयकर विभाग की तीन दिवसीय जांच अब बड़े निवेश और 450 करोड़ के रेलवे ठेके तक पहुंच गई है।
-1795284819854_m.webp)
आयकर विभाग की जांच।
HighLights
आयकर विभाग की तीन दिवसीय जांच 50 ठिकानों पर हुई।
पीआरए समूह के 450 करोड़ के रेलवे ठेके की जांच।
225 करोड़ की गड़बड़ी, 14 करोड़ नकद, 20 करोड़ आभूषण जब्त।
डिजिटल डेस्क, रायपुर। प्रदेश में बर्बरिक कंस्ट्रक्शन और पीआरए समूह के 50 ठिकानों पर आयकर विभाग की तीन दिन चली जांच का दायरा अब बड़े निवेश और ठेकों तक पहुंच गया है।
विभाग बर्बरिक समूह की प्रस्तावित आइपीओ योजना के दस्तावेज की पड़ताल कर रहा है। वहीं, पीआरए समूह को मिले करीब 450 करोड़ के रायपुर रेलवे स्टेशन पुनर्विकास ठेके से जुड़े वित्तीय लेनदेन की भी जांच हो रही है।
बुधवार सुबह रायपुर समेत राज्य के पांच जिलों में शुरू हुई छापे की यह कार्रवाई शुक्रवार देर रात समाप्त हुई। बिलासपुर में गौरव अग्रवाल के ठिकानों से 1,000 करोड़ रुपये के बोगस बिल मिलने की चर्चा है, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है। जांच में करीब 225 करोड़ रुपये की वित्तीय गड़बड़ी के प्रारंभिक संकेत मिले हैं।
इस दौरान करीब 14 करोड़ रुपये नकद और लगभग 20 करोड़ रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण मिलने की जानकारी सामने आ रही है। मुंबई और अहमदाबाद से आए विशेषज्ञों ने आभूषणों का मूल्यांकन किया है।
बताया जा रहा है कि आभूषणों की कीमत और बढ़ सकती है। जांच के दौरान बिलासपुर की महानदी इंटरप्राइजेज, मित्तल स्टील, हनुमान हार्डवेयर और मोहदा स्थित फैक्ट्री के दस्तावेज खंगाले गए। रायगढ़ में सन स्टील और रायगढ़ इस्पात से महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए गए हैं। विभाग इन संस्थानों के कारोबारी लेन-देन और निवेश का आपस में मिलान कर रहा है।