यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 27, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में विद्यार्थियों ने शराबी शिक्षक को स्कूल से खदेड़ा, उछाले जूते-चप्पल; सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
बस्तर के पीलीभट्टा प्राइमरी स्कूल के शराबी शिक्षक को विद्यार्थियों ने स्कूल से खदेड़ दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया ...और पढ़ें

जागरण न्यूज नेटवर्क, जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर के पीलीभट्टा प्राइमरी स्कूल के शराबी शिक्षक को विद्यार्थियों ने स्कूल से खदेड़ दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिला शिक्षा विभाग ने पूरे मामले की जांच कराई है, जिसमें घटना सही पाई गई है। अब शिक्षक को निलंबित करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
जिला शिक्षा अधिकारी भारती प्रधान ने बताया की शराब पीकर स्कूल पहुंचे शिक्षक का बच्चों ने विरोध किया है। विभाग ने घटना की जांच कराई है। जिसमें घटना सही पाई गई है। शिक्षक को निलंबित करने का प्रस्ताव कलेक्टर को भेजा जाएगा।
मिली जानकारी के अनुसार पीलीभट्टा प्राइमरी स्कूल में पदस्थ शिक्षक उदय सिंह ठाकुर नियमित रूप से शराब के नशे में कक्षा में जाता था और अक्सर छात्रों को पढ़ाने के बजाय कक्षा में ही सो जाता था। जब स्कूली बच्चे उसे पढ़ाने को कहते तो वह उनसे दुर्व्यवहार करता था।
शिक्षक के व्यवहार से तंग आकर छात्रों ने पिछले सप्ताह उसे सबक सिखाने का निर्णय लिया। नशे में धुत होकर स्कूल आए शिक्षक पर चप्प्ल-जूते उछाले, बच्चों के विद्रोह को देखते हुए शिक्षक वहां से भाग निकला। पूरे मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि, दैनिक जागरण इस वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है।