DA Hike: IAS - IPS अधिकारियों के लिए गुड न्यूज, 3 प्रतिशत बढ़ा महंगाई भत्ता; कब से मिलेगा?
छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य में कार्यरत IAS और IPS अधिकारियों के महंगाई भत्ते में 3% की वृद्धि की है, जिससे अब उन्हें 63% डीए मिलेगा।

छत्तीसगढ़ में IAS IPS अधिकारियों का महंगाई भत्ता बढ़ा

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, रायपुर। प्रदेश में कार्यरत राज्य कैडर के आईएएस, आईपीएस सहित अखिल भारतीय सेवाओं के अधिकारियों के महंगाई भत्ते (डीए) में तीन प्रतिशत की वृद्धि की गई है। अब उन्हें 60 प्रतिशत के स्थान पर 63 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिलेगा। राज्य शासन ने इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिया है।
बढ़ी हुई दरें एक जुलाई 2026 से प्रभावी होंगी। सबसे राहत भरी बात यह है कि जुलाई से अब तक के बकाया एरियर का भुगतान अधिकारियों को नकद (कैश) किया जाएगा।
केंद्र के फैसले के बाद नई दर लागू
दरअसल, केंद्रीय वित्त मंत्रालय के व्यय विभाग ने 29 अक्टूबर 2026 को केंद्रीय कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में तीन प्रतिशत की बढ़ोतरी की थी। अखिल भारतीय सेवाओं के महंगाई भत्ता नियम, 1972 के प्रावधानों के तहत केंद्र की इस बढ़ोतरी को अब राज्य में पदस्थ अखिल भारतीय सेवाओं के अधिकारियों पर भी लागू कर दिया गया है।
वेतन पर्चियों में संशोधन व समायोजन के निर्देश
शासन द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि एरियर का भुगतान उसी कार्यालय से सुनिश्चित किया जाएगा, जहां से संबंधित अवधि के दौरान अधिकारी का वेतन आहरित हुआ था।
इसके लिए सभी संबंधित कार्यालयों को वेतन पर्चियों में आवश्यक संशोधन करने और पूर्व में भुगतान की गई राशि का समायोजन करते हुए बढ़ा हुआ भत्ता देने के निर्देश दिए गए हैं।
आदेश में यह सख्त शर्त भी जोड़ी गई है कि यदि किसी अधिकारी को निर्धारित से अधिक राशि का भुगतान हो जाता है, तो अतिरिक्त राशि की वसूली संबंधित अधिकारी से की जाएगी।