छत्तीसगढ़: कलेक्टर बंगले को देख अफसर बनने का ठाना, अब रिश्वत के आरोप में भेजी गईं जेल
कांकेर में राज्य कर सहायक आयुक्त अंचला गिरी को डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत लेते एसीबी ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कबाड़ से भरे वाहन को छोड़ने के बदले दो लाख रुपये मांगने के आरोप में उन्हें निलंबित कर जेल भेज दिया गया है।

HighLights
राज्य कर सहायक आयुक्त अंचला गिरी रिश्वत लेते गिरफ्तार।
एसीबी ने डेढ़ लाख रुपये लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा।
कबाड़ वाहन छोड़ने के बदले दो लाख रुपये मांगे थे।
सतीश पांडेय, रायपुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर जिले में कलेक्टर बंगले के पास घर होने के कारण अंचला गिरी बचपन से ही अधिकारियों को सरकारी गाड़ियों में आते-जाते देखती थीं। यहीं से उनके मन में अफसर बनने का सपना पनपा।
सीजीपीएससी-2021 में 21वीं रैंक हासिल कर वह पहले लेखा अधिकारी बनीं और बाद में राज्य कर सहायक आयुक्त के पद तक पहुंचीं। अब कांकेर में डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तारी के बाद उनका नाम चर्चा में है।
आरोप है कि तीन लाख रुपये के कबाड़ से भरे वाहन को छोड़ने के बदले उन्होंने दो लाख रुपये मांगे थे। एसीबी ने डेढ़ लाख रुपये लेते हुए उन्हें रंगे हाथ पकड़ा।
कार्रवाई के दौरान अंचला ने रिश्वत की रकम नाली में फेंक दी, जिसे एसीबी ने बरामद कर लिया। रिश्वत की डील कराने के आरोप में सीए इमरान मेमन भी गिरफ्तार हुए। राज्य सरकार ने अंचला को निलंबित कर दिया है।
जमानत नहीं मिलने पर दोनों जेल में हैं। इस बीच अंचला का पुराना माक इंटरव्यू इंटरनेट मीडिया पर चर्चा में है। इसमें उन्होंने खुद को सामान्य परिवार से बताया था। उनके पिता अजय गिरी आबकारी विभाग में आरक्षक और मां आंगनबाड़ी कार्यकर्ता हैं।
उन्होंने गुरु घासीदास विश्वविद्यालय से स्नातक और कलिंगा विश्वविद्यालय से गणित में स्नातकोत्तर किया। वह राष्ट्रीय स्तर की शतरंज खिलाड़ी भी रही हैं। कबाड़ कारोबारी मोहम्मद शोएब रंगरेज रायपुर और कांकेर, दोनों मामलों के शिकायतकर्ता हैं।
करीब 10 महीने पहले उनकी शिकायत पर रायपुर में जीएसटी के दो निरीक्षकों के खिलाफ भी एफआईआर हुई थी। विभागीय सूत्रों के अनुसार, वह निर्धारित अधिकार क्षेत्र से बाहर वाहनों की जांच कर रही थीं। हालांकि, दोनों मामलों सहित उन पर लगे अन्य आरोपों का न्यायालय में सिद्ध होना बाकी है।