छत्तीसगढ़: करोड़पति बनने की चाह में मासूम की हत्या कर किडनी, फेफड़े और आंखें निकालीं; आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर चाकू, फावड़ा, मोबाइल और अंग बरामद कर लिए।
-1794323554222_m.webp)
डिजिटल डेस्क, जशपुरनगर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में जल्द अमीर बनने की चाह में पांचवीं कक्षा पास मजदूर बासुदेव उर्फ टेंगनू ने अपने ममेरे भाई के चार साल के बेटे जितेंद्र की हत्या कर दी। इतना ही नहीं, उसकी दोनों आंखें, दोनों किडनी और फेफड़े निकाल लिए। पुलिस के अनुसार, आरोपित को कम समय में अधिक पैसा कमाने का विचार इंटरनेट मीडिया से मिला था। वारदात सन्ना थाना क्षेत्र के लोढ़ेनापाठ की है।
एसएसपी डा. लाल उमेद सिंह ने बताया कि रामजीत राम ने सात नवंबर को बेटे जितेंद्र के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रामजीत के मुताबिक, पांच नवंबर को फूफा का बेटा बासुदेव उसे शराब पिलाने बस स्टैंड ले गया था। लौटने पर मेरा बेटा जितेंद्र घर में नहीं मिला। गांव और खेतों में उसकी तलाश की, लेकिन वह कहीं नहीं मिला।
सात नवंबर की सुबह एक खेत की मेड़ के पास पानी से भरे गड्ढे में बोरी मिली। उसमें कंबल में लिपटा बच्चे का शव था। एक ग्रामीण ने पुलिस को बताया कि उसने जितेंद्र को बासुदेव के साथ जंगल की ओर जाते देखा था। पुलिस ने आरोपित को हिरासत में लेकर बात की तो उसने हत्या की बात स्वीकार की। पुलिस पूछताछ में आरोपित ने बताया कि पिछले दो साल से इंटरनेट मीडिया पर वह जल्द अमीर बनने के तरीके तलाश रहा था।
उसे लगा कि मानव अंग बेचकर वह रातोंरात अमीर हो जाएगा और महंगी बाइक व सामान खरीद सकेगा। वह बच्चे को घुमाने के बहाने खुंटाटांगर ले गया। वहां उसे खाना खिलाया और शराब पिलाई। फिर गला रेतकर उसकी हत्या की और अंग निकाल लिए। पुलिस का दावा है कि आरोपित इंटरनेट मीडिया पर एआई से बात कर रहा था।
हालांकि, कम पढ़ा-लिखा होने के कारण उसने एआई को दिल्ली का ग्राहक समझ लिया। हत्या के दो दिन बाद भी जब ग्राहक की तरफ से कोई जवाब नहीं मिला, तो उसने अंगों को जमीन में दबा दिया। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर चाकू, फावड़ा, मोबाइल और अंग बरामद कर लिए। डीएनए टेस्ट की प्रक्रिया शुरू करने के साथ ही पुलिस आरोपित के मोबाइल की जांच भी करा रही है।
सोर्स- जागरण न्यूज नेटवर्क
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।