छत्तीसगढ़ में भाजपा विधायक ईश्वर साहू का डांस वीडियो वायरल, 'कहां गाओ चिलम तंबाकू'गाने पर लगाए ठुमके
छत्तीसगढ़ के बेमेतरा में भाजपा विधायक ईश्वर साहू का महिला डांसरों के साथ डांस करते हुए वीडियो वायरल हुआ है।

भाजपा विधायक ने 'कहां गाओ चिलम तंबाकू' गाने पर लगाए ठुमके (फोटो क्रेडिट- @INCChhattisgarh)
HighLights
भाजपा विधायक ईश्वर साहू का डांस वीडियो वायरल हुआ।
महिला डांसरों संग 'चिलम तंबाकू' गाने पर थिरके विधायक।
कांग्रेस ने नशामुक्ति अभियान पर सवाल उठाए हैं।
डिजिटल डेस्क, रायपुर। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले के नगर पंचायत मारो में बुधवार को आयोजित भूमिपूजन कार्यक्रम के बाद सांस्कृतिक आयोजन चर्चा में आ गया। साजा से भाजपा विधायक ईश्वर साहू का महिला डांसरों के साथ ठुमके लगाते हुए वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है।
विधायक कहां गाओ चिलम तंबाकू को डब्बा गाने पर नृत्य करते दिख रहे हैं। इस दौरान उनके गले में भाजपा का पट्टा भी दिखाई दे रहा है। कार्यक्रम में खाद्य मंत्री दयालदास बघेल भी मौजूद थे, जो मंच पर बैठकर विधायक का नृत्य देखते हुए मुस्कुराते नजर आए।
दरअसल, उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने मारो में 2.32 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया था। उनके जाने के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसी दौरान विधायक ईश्वर साहू ने महिला डांसरों के साथ नृत्य किया।
वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस ने भाजपा को घेरा है। प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार का 2029 तक देश को नशामुक्त बनाने का अभियान केवल भाषणों और कागजों तक सीमित है। ऐसे में सरकार बताए कि नशामुक्त भारत का लक्ष्य कैसे पूरा होगा।