छत्तीसगढ़: कोरबा में 100 परिवारों के 500 लोगों की घर वापसी, प्रबल जूदेव ने पांव पखारकर किया स्वागत
छत्तीसगढ़ के कोरबा और सक्ती जिलों में 100 परिवारों के 500 लोगों ने ईसाई धर्म छोड़कर हिंदू धर्म में घर वापसी की।

छत्तीसगढ़ के कोरबा में 500 लोगों की घर वापसी (घर वापसी करती महिला)
HighLights
कोरबा और सक्ती में 500 लोगों की घर वापसी हुई।
बीमारी ठीक होने की आस में ईसाई धर्म अपनाया था।
प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने पांव पखारकर स्वागत किया।
डिजिटल डेस्क, रायपुर। छत्तीसगढ़ में एक महिला ने मजदूर पति की बीमारी ठीक होने की आस में ईसाई मत अपनाया था। चंगाई सभाओं में प्रार्थना की। पवित्र जल और तेल का भी सहारा लिया, लेकिन बीमारी ठीक नहीं हुई। पति का निधन हो गया तो प्रार्थनाओं से विश्वास उठ गया।
मिशनरी की बातों में आकर मतांतरण करना जीवन की सबसे बड़ी भूल थी। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले की निवासी समरीन बाई सतनामी ने हिंदू धर्म में वापसी के बाद ईसाई बनने का अपना यह अनुभव साझा किया। जिले के घंटाघर ओपन थिएटर में आयोजित हिंदुत्व रक्षक सम्मान समारोह में घर वापसी करने वाले लोगों की कहानी लगभग ऐसी ही है।
समारोह में सक्ती सहित कोरबा जिले के वनांचल क्षेत्रों के आदिवासी सहित अन्य 100 परिवारों के 500 मतांतरित सदस्यों की मंत्रोच्चार के बीच घर वापसी कराई गई। घर वापसी करने वालों का पांव पखारकर स्वागत किया गया।
लता साहू बोलीं- मति मारी गई थी
सक्ती जिले के बगबुड़ा की लता साहू ने बताया कि करीब तीन वर्ष पहले कुछ लोगों के कहने पर वे चंगाई सभा में शामिल हुई थीं। वहां एक पादरी ने उनके बीमार पति का स्वास्थ्य ठीक करने का विश्वास दिलाया। इसके बाद वे मतांतरित हो गईं।
चंगाई सभा में प्रार्थना के बाद उन्हें पवित्र जल और तेल दिया जाता था, लेकिन इससे पति की बीमारी दूर नहीं हुई। आज भी उनके पति का स्वास्थ्य खराब है। अब वह इन सब से बाहर निकलकर अस्पताल में उपचार करा रही हैं। लता ने अपने कड़वे अनुभव को साझा करते हुए कहा कि मिशनरी की बातों में आकर मेरी मति मारी गई थी, इसलिए मैं मतांतरित हो गई। अब वह इस अनुभव से सबक लेते हुए पुनः अपने मूल धर्म में लौट आई हैं।
सनातन धर्म की रक्षा के लिए समाज तैयार रहे : स्वामी अनिलानंद
महामंडलेश्वर स्वामी अनिलानंद ने आरोप लगाते हुए कहा कि पूर्ववर्ती सरकार में अधिकारियों के संरक्षण के कारण मतांतरण की संख्या बढ़ी, जबकि वर्तमान भाजपा सरकार ने मतांतरण रोकने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि यदि कोई धर्म और परंपरा को लूटने का प्रयास करे तो उसका मुंहतोड़ जवाब देने के लिए समाज को तैयार रहना चाहिए।
वहीं, प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने अपने पिता स्व. दिलीप सिंह जूदेव के घर वापसी अभियान को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि मतांतरण के विरुद्ध और घर वापसी के लिए उनका अभियान निरंतर जारी रहेगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।