छत्तीसगढ़ के विश्रामपुर में डबल मर्डर, NH के किनारे गड्ढे में मिली 12वीं के छात्र की लाश; घर के अंदर मिला मां का शव
छत्तीसगढ़ के बिश्रामपुर में मां-बेटे की हत्या से सनसनी फैल गई है। 12वीं के छात्र का शव हाईवे किनारे गड्ढे ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, रायपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर और सरगुजा जिले की सीमा पर महावीरपुर के पास हाईवे के किनारे शनिवार को गड्ढे में मिले किशोर के शव की पहचान बिश्रामपुर के कार्मेल कान्वेंट स्कूल में 12वीं के छात्र सुजल बरेठ उर्फ पिंकू के रूप में हुई है।
इस मामले में सनसनीखेज पहलू यह सामने आया जब छात्र की मां शिक्षिका रजनी बरेठ (40) का शव भी केशव नगर स्थित ममता कॉलोनी के किराए के मकान में मिला। मां-बेटे की हत्या से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
शनिवार को महावीरपुर के पास राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे गड्ढे में किशोर का शव मिलने के बाद पुलिस ने प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई थी। इसी बीच शिक्षिका रजनी बरेठ और उनके बेटे सुजल के मोबाइल फोन बंद आने से स्वजन और परिचित परेशान थे। स्कूल में ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज होने के कारण शिक्षिका की अनुपस्थिति को लेकर उनकी सहकर्मी भी जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही थीं।
रजनी बरेठ के मायके बाराद्वार, जिला सक्ती में रहने वाले स्वजन भी दोनों से संपर्क नहीं हो पाने के कारण चिंतित थे। शनिवार देर शाम शिक्षिका के भाई और मां बिश्रामपुर पहुंचे। वे मां-बेटे की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने जयनगर थाने पहुंचे। इसी दौरान पुलिस ने सड़क किनारे मिले किशोर के शव का फोटो दिखाया, जिसे स्वजन ने सुजल बरेठ के रूप में पहचान लिया।
मकान का ताला तोड़ने पर मिला शिक्षिका का शव
सुजल की पहचान होने के बाद पुलिस शिक्षिका के स्वजन को लेकर शनिवार रात में केशव नगर स्थित ममता कॉलोनी में उनके किराए के मकान पहुंची, ये पता लगाने कि वह कहां है। मकान में ताला लगा हुआ था। ताला तोड़कर अंदर प्रवेश करने पर कमरे में एक महिला का शव औंधे मुंह पड़ा मिला।
शव पर चोट के निशान भी पाए गए हैं। स्वजन ने शव की पहचान रजनी बरेठ के रूप में की। इसके बाद पुलिस ने मकान को सील कर दिया। रविवार सुबह पुलिस के उच्चधिकारी, फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड की उपस्थिति में दोबारा कमरे को खोला गया। इसके बाद यह पूरी तरह स्पष्ट हो गया कि शव शिक्षिका रजनी बरेठ की है।
पति से हो चुका था तलाक
जानकारी के अनुसार, रजनी बरेठ का विवाह वर्ष 2006 में रायगढ़ जिले के चक्रधरनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बोयरदादर, विनोबा नगर निवासी सत्य बरेठ से हुआ था। वर्ष 2020 में दोनों का तलाक हो गया था। इसके बाद रजनी अपने बेटे सुजल के साथ रहने लगी थीं।
नौकरी के सिलसिले में वे सूरजपुर जिले में रह रही थीं। हाल ही में पदोन्नति के बाद उनकी नियुक्ति माध्यमिक शाला बेलटिकरी में हुई थी, जबकि उनका बेटा सुजल बिश्रामपुर के कार्मेल कान्वेंट स्कूल में कक्षा 12वीं का छात्र था।
मां-बेटे की मौत किन परिस्थितियों में हत्या हुई और दोनों घटनाओं के बीच क्या संबंध है, इसकी जांच की जा रही है। महिला के निजी संबंधों को लेकर भी कुछ चर्चाएं सामने आई हैं, लेकिन इनकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
