विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

छत्तीसगढ़: डीएनए रिपोर्ट से साबित हुआ पिता-पुत्र का रिश्ता, नाबालिग बेटे को मिलेगा गुजारा भत्ता

Published: Sun, 23 Aug 2026 01:00 PM (IST)

बिलासपुर हाई कोर्ट ने डीएनए रिपोर्ट के आधार पर फैमिली कोर्ट के आदेश में संशोधन कर नाबालिग बेटे को 5,000 रुपये प्रतिमाह गुजारा भत्ता देने का आदेश दिया है।

बिलासपुर हाई कोर्ट(फाइल फोटो)

बिलासपुर हाई कोर्ट(फाइल फोटो)

HighLights

  1. हाई कोर्ट ने डीएनए रिपोर्ट के आधार पर आदेश संशोधित किया।

  2. नाबालिग बेटे को 5,000 रुपये प्रतिमाह गुजारा भत्ता मिलेगा।

  3. जैविक पिता भरण-पोषण की जिम्मेदारी से नहीं बच सकता।

जेएनएन, बिलासपुर। हाई कोर्ट ने भरण-पोषण के एक मामले में डीएनए टेस्ट रिपोर्ट के आधार पर बिलासपुर फैमिली कोर्ट के आदेश में संशोधन किया है। कोर्ट ने कहा कि जैविक पिता अपने नाबालिग बेटे के भरण-पोषण की जिम्मेदारी से नहीं बच सकता।

बिलासपुर हाई कोर्ट ने तीन साल के बच्चे को पांच हजार रुपये प्रतिमाह गुजारा भत्ता देने का आदेश दिया है। हालांकि बच्चे की मां को भरण-पोषण देने से फैमिली कोर्ट के इनकार को हाई कोर्ट ने बरकरार रखा है।

मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा की पीठ ने कहा कि डीएनए रिपोर्ट से स्पष्ट है कि बच्चा प्रतिवादी का जैविक पुत्र है। ऐसे में जैविक पिता अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकता।

मामले में छत्तीसगढ़ के बिलासपुर की तिफरा निवासी महिला ने फैमिली कोर्ट में आवेदन दिया था। उसने बताया था कि सेल्स गर्ल के रूप में काम करने के दौरान उसकी पहचान जोरापारा सरकंडा निवासी एक व्यक्ति से हुई।

उसने खुद को अविवाहित बताया और मंदिर में मांग भरकर उसे पत्नी के रूप में स्वीकार किया। जब वो गर्भवती हुई, तो उसने उसे अपनाने से इनकार कर दिया। साथ ही ये भी पता चला कि पुरुष पहले से विवाहित है।

महिला ने 16 जून 2022 को बेटे को जन्म दिया। बाद में सिरगिट्टी थाने में हुए समझौते और पुलिस जांच के दौरान कराए गए डीएनए परीक्षण में बच्चे को प्रतिवादी का जैविक पुत्र पाया गया।

इसके बावजूद बिलासपुर फैमिली कोर्ट ने 29 दिसंबर 2025 को मां और बेटे के भरण-पोषण का आवेदन खारिज कर दिया। इसके खिलाफ हाई कोर्ट में आपराधिक रिवीजन दायर की गई थी।

हाई कोर्ट ने फैमिली कोर्ट के आदेश को संशोधित करते हुए प्रतिवादी पिता को निर्देश दिया गया है कि वह एक सितंबर 2026 से हर महीने पांच हजार रुपये बच्चे को नियमित रूप से भरण-पोषण के रूप में अदा करेगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।