विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बीजापुर में नक्सलियों के डंप का भंडाफोड़, 670 सेल समेत भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद

Published: Thu, 19 Nov 2026 09:13 PM (GMT+05:30)

बीजापुर में माओवादियों के पुराने ठिकाने से 670 जिंदा बीजीएल सेल समेत भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद हुई है। 

News Article Hero Image

डिजिटल डेस्क, बीजापुर। आंध्र प्रदेश-छत्तीसगढ़ सीमा पर माओवादियों के पुराने ठिकाने से 670 जिंदा बीजीएल सेल समेत भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद हुई है। आंध्र प्रदेश पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने खुफिया सूचना पर यह अभियान चलाया।

पुलिस के अनुसार, यह डंप पिछले वर्ष मुठभेड़ में मारे गए माओवादी कमांडर माड़वी हिड़मा से जुड़ा है। बस्तर संभाग के दंतेवाड़ा के बारसूर क्षेत्र में एके-47, राइफल, बीजीएल लांचर और कुकर बम समेत हथियारों का जखीरा और बीजापुर के पुजारीकांकेर और जीड़पल्ली जंगलों से बीजीएल सेल और लांचर बरामद हुए हैं।

बता दें कि आंध्र प्रदेश सीमा पर जहां से डंप बरामद हुआ है, वह इलाका माओवादियों की देश में एकमात्र पीएलजीए बटालियन नंबर-1 का ठिकाना रहा है। लंबे समय तक इस बटालियन की कमान हिड़मा के हाथों में थी। पोलावरम जिला एसपी के. चक्रवर्ती के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने सीआरपीएफ के सहयोग से अंतरराज्यीय अभियान चलाया।

तलाशी के दौरान 670 जिंदा बीजीएल सेल, 42 नान-इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, 250 ग्राम गनपाउडर और कार्डेक्स के 25 टुकड़े समेत अन्य हथियार व विस्फोटक मिले। सुरक्षा बलों को मौके से दवाइयों और मेडिकल किट सहित 20 प्रकार की चिकित्सा सामग्री भी मिली है।

WhatsApp Image 2026-11-19 at 7.58.53 PM

देश की सबसे ताकतर माओवादी बटालियन

पीएलजीए बटालियन नंबर-1 माओवादी संगठन की सबसे प्रमुख सशस्त्र इकाई थी। इसका प्रभाव क्षेत्र बीजापुर और सुकमा की सीमा से लगे जंगलों तथा पहाड़ी इलाकों तक फैला था। हिड़मा इसी बटालियन का कमांडर था। बाद में उसे संगठन की केंद्रीय समिति का सदस्य बनाए जाने के बाद उसके करीबी साथी बारसे देवा को बटालियन का प्रभारी और कमांडर बनाया गया।

18 नवंबर 2025 को आंध्र प्रदेश के मारेडुमिल्ली जंगल में मुठभेड़ के दौरान हिड़मा मारा गया। इसके बाद बारसे देवा ने बटालियन की कमान संभाली। बाद में उसने तेलंगाना में आत्मसमर्पण कर दिया। हिड़मा की मौत और बारसे देवा के आत्मसमर्पण के बाद बटालियन का पुराना नेतृत्व बिखर चुका है।

सुरक्षा बल अब आत्मसमर्पित माओवादियों से मिली जानकारी और स्थानीय सूचनाओं के आधार पर जंगलों तथा दुर्गम पहाड़ियों में छिपाए गए हथियारों और विस्फोटकों की तलाश कर रहे हैं।

दो सप्ताह में जंगलों से मिले हथियार और विस्फोटक

-5 नवंबर: बीजापुर के कर्रेगुट्टा क्षेत्र में ताड़ापाला के पास 711 बीजीएल सेल बरामद।
-6 नवंबर: उसूर के पुजारीकांकेर जंगल से 955 डेटोनेटर जब्त।
-13 नवंबर: पामेड़ और गंगालूर क्षेत्र में तीन डंप मिले। इनमें 136 बीजीएल सेल और करीब 1400 फीट कार्डेक्स वायर शामिल था।
-18 नवंबर: बीजापुर के पुजारीकांकेर जंगल से 50 बीजीएल सेल मिले।
-18-19 नवंबर: दंतेवाड़ा के बारसूर क्षेत्र में एके-47, 303 राइफल, दो बीजीएल लांचर, ग्रेनेड, कुकर बम और अन्य सामग्री मिली।
-19 नवंबर: बीजापुर के जीड़पल्ली जंगल में पामेड़ थाना पुलिस और कोबरा 208वीं वाहिनी की संयुक्त टीम ने दो बीजीएल लांचर और 36 बीजीएल सेल बरामद किए।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।