सीएम मोहन यादव की फिसली जुबान पर सियासी संग्राम, भूपेश बघेल ने वीडियो शेयर कर साधा निशाना
भूपेश बघेल ने भाजपा के 'लोकतंत्र बचाओ' अभियान के दौरान नेताओं की जुबान फिसलने पर निशाना साधा। उन्होंने मोहन यादव ...और पढ़ें

मोहन यादव की फिसली जुबान पर भूपेश बघेल ने साधा निशाना
HighLights
मोहन यादव ने गलती से जेपी नड्डा मुर्दाबाद का नारा लगाया।
भूपेश बघेल ने वीडियो साझा कर भाजपा पर साधा निशाना।
अजय चंद्राकर ने कांग्रेस की स्थिति पर पलटवार किया।
राज्य ब्यूरो, रायपुर। भाजपा के ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के दौरान नेताओं की फिसली जुबान पर कांग्रेस ने इन्हें ट्रोल करना प्रारंभ कर दिया है।
पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस महासचिव भूपेश बघेल ने इंटरनेट मीडिया पर एक वीडियो साझा किया। इसमें भोपाल में चार नवंबर को आयोजित कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, जेपी नड्डा के सामने ही ‘जेपी नड्डा मुर्दाबाद’ का नारा लगाते दिखाई दे रहे हैं।
हालांकि, उन्होंने इसे तत्काल 'जिंदाबाद' के नारे में बदल दिया। भूपेश द्वारा जारी एक वीडियो में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय कहते सुनाई दे रहे हैं कि कांग्रेस को छोड़कर भाजपा और उसके सहयोगी दलों की दुकान बंद होने जा रही है। इंटरनेट मीडिया एक्स पर वीडियो साझा करते हुए भूपेश ने लिखा कि राहुल गांधी के सामने सबकी लाइन और लेंथ बिगड़ गई है।
वहीं दूसरी ओर, बघेल के राहुल गांधी के सामने सबकी लाइन और लेंथ बिगड़ने के बयान पर पूर्व मंत्री व कुरुद के भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि जिस कांग्रेस की गाड़ी की चेसिस ही बैंड हो, वे लेंथ बिगड़ने की बात कर रहे हैं।
कांग्रेस की हालत ये है कि अब मरम्मत कराने से भी उनकी चेसिस नहीं सुधर सकती। जनता से नकारे जाने के बाद मुद्दाविहीन कांग्रेस के पास कोई काम नहीं है। इसलिए सबकी वीडियो पर ध्यान देते रहते हैं।