विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बस्तर में नक्सलियों के छिपे हथियारों का जखीरा बरामद, दो हफ्ते में 1603 BGL सेल जब्त; तीन राज्यों में जांच अभियान तेज

Published: Fri, 20 Nov 2026 09:10 PM (IST)

बस्तर में सुरक्षा बलों ने माओवादियों के छिपाए हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद किया है, जिसमें दो हफ्तों में 1603 बीजीएल सेल और 955 डेटोनेटर शामिल हैं। 

बस्तर में दो हफ्ते में मिले 1,603 बीजीएल सेल। (फोटो AI द्वारा बनाई गई है)

बस्तर में दो हफ्ते में मिले 1,603 बीजीएल सेल। (फोटो AI द्वारा बनाई गई है)

HighLights

  1. दो हफ्तों में 1603 बीजीएल सेल बरामद।

  2. छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना में संयुक्त तलाशी अभियान।

  3. माओवादी हिड़मा की बटालियन के हथियार चुनौती बने।

डिजिटल डेस्क, जगदलपुर। माओवादी हिंसक माड़वी हिड़मा के 18 नवंबर 2025 को मारे जाने और उसकी बटालियन की कमान संभालने वाले बारसे देवा के आत्मसमर्पण के बाद भी पीएलजीए बटालियन नंबर-1 के जंगलों में छिपाए हथियार सुरक्षा बल के लिए चुनौती बने हुए हैं। इनकी तलाश में छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना की सुरक्षा एजेंसियां सीमावर्ती जंगलों में संयुक्त अभियान चला रही हैं।

पिछले दो सप्ताह में बटालियन के पुराने ठिकानों से 1,603 बीजीएल (बैरल ग्रेनेड लांचर) सेल और 955 डेटोनेटर बरामद किए गए हैं। ताजा कार्रवाई में आंध्र प्रदेश के पोलावरम जिले में हिड़मा से जुड़े ठिकाने से 670 जिंदा बीजीएल सेल मिले।

इसी दिन बीजापुर के जीड़पल्ली में दो बीजीएल लांचर और 36 सेल बरामद किए गए। इससे पहले पांच नवंबर को कर्रेगुट्टा पहाड़ी से 711 बीजीएल सेल मिले थे। उधर, कोंडागांव जिले के पुंगारपाल थाना क्षेत्र के बेड़मा जंगलों में शुक्रवार को आत्मसमर्पित माओवादियों की निशानदेही पर विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है।

इसमें 29.65 किलो विस्फोटक, एक हैंड ग्रेनेड, दो जिलेटिन राड, 25 मीटर कोर्डेक्स वायर, 200 मीटर इलेक्ट्रिक वायर, 14 टिफिन, 11 बैटरी सेट और अन्य सामग्री बरामद की गई है।

बस्तर आइजी बद्रीनारायण मीणा ने बताया कि हथियारों और विस्फोटकों को अलग-अलग ठिकानों पर छिपाकर रखने के कारण सुरक्षा बल को जंगलों में सघन तलाशी के साथ डी-माइनिंग भी करनी पड़ रही है। संगठन की सशस्त्र ताकत कमजोर पड़ने के बाद अब जंगलों में बचे हथियारों के पूरे नेटवर्क का पता लगाना अभियान का प्रमुख लक्ष्य है।

ट्राइजंक्शन में था बटालियन का प्रभाव क्षेत्रपीपुल्स लिबरेशन गुरिल्ला आर्मी (पीएलजीए) बटालियन नंबर-1 का प्रभाव क्षेत्र ट्राइजंक्शन (तीन राज्यों की सीमाओं) तक था। इसका प्रभाव छत्तीसगढ़ के बीजापुर-सुकमा जिलों से लगे आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के सीमावर्ती जंगलों तक फैला था।

कर्रेगुट्टा पहाड़ी इसका प्रमुख ठिकाना रही है, जहां पिछले वर्ष 21 दिन तक चले अभियान में बड़ी मात्रा में हथियार और विस्फोटक बरामद किए गए थे। हिड़मा लंबे समय तक इस बटालियन का कमांडर रहा। आंध्र प्रदेश के मारेडुमिल्ली जंगलों में मुठभेड़ में उसे मार गिराया गया था।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।