छत्तीसगढ़: बलौदाबाजार में रहस्यमयी खजाने के कारण अब तक आठ लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में रहस्यमयी खजाने के लालच में आठ ग्रामीणों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की आशंका जताई जा रही है।

HighLights
आठ ग्रामीणों की रहस्यमयी खजाने के लालच में मौत की आशंका।
बलौदाबाजार के ग्राम खर्वे में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौतें।
पुलिस ने एक शव कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
डिजिटल डेस्क, रायपुर। रहस्यमयी खजाना मिलने के लालच में एक ही गांव के आठ ग्रामीणों की हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। एक फरवरी से 14 मई 2026 के बीच आठ लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो चुकी है।
मामला छत्तीसगढ़ में बलौदाबाजार जिले के ग्राम खर्वे का है। पुलिस ने शनिवार को 41 वर्षीय महेतरू साहू का शव कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
जिले के प्रभारी एसपी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मेडिकल दस्तावेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल कुछ भी स्पष्ट नहीं है।
कसडोल थाना प्रभारी प्रवीण मिंज ने बताया कि ग्रामीणों ने शिकायत दर्ज कराई है कि गांव का एक व्यक्ति लोगों को शराब पिलाता था और शराब पीने के कुछ समय बाद उनकी तबीयत बिगड़ जाती थी।
अब तक ऐसे करीब आठ लोगों की मौत हो चुकी है। शिकायत के बाद प्रशासन और पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) के आदेश पर एक मृतक का शव परीक्षण के लिए भेजा गया। उसका पोस्टमार्टम हो चुका है। ग्रामीणों ने मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
