'पीएम मोदी के साथ क्रिकेट खेलूंगा और राहुल गांधी का विकेट लूंगा', रामदास आठवले ने कसा तंज
केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने दावा किया कि उन्होंने सोनिया गांधी से राहुल को ढाई साल के लिए पीएम बनाने ...और पढ़ें
-1794591960377_m.webp)
राहुल गांधी का पीएम बनना मुश्किल- आठवले (फाइल फोटो)
HighLights
आठवले ने कहा राहुल गांधी का पीएम बनना अब मुश्किल है।
शीतकालीन सत्र में परिसीमन विधेयक लाने की तैयारी में सरकार।
विपक्ष पर महिला आरक्षण विधेयक गिराने की कोशिश का आरोप लगाया।
राज्य ब्यूरो, रायपुर। केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास आठवले ने दावा किया कि कांग्रेस में रहते हुए उन्होंने सोनिया गांधी से राहुल गांधी को ढाई वर्ष के लिए प्रधानमंत्री बनाने की बात कही थी, लेकिन उनकी बात नहीं मानी गई। अब राहुल का प्रधानमंत्री बनना मुश्किल है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आने के बाद पूरा देश उनके साथ है और आगामी चुनाव में भाजपा तथा गठबंधन की जीत होगी। उन्होंने यह भी कहा कि 2029 में वह मोदी के साथ क्रिकेट खेलेंगे और राहुल गांधी का विकेट लेंगे।
दो दिवसीय प्रवास पर छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर पहुंचे आठवले शुक्रवार को पत्रकारवार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि केंद्र की एनडीए सरकार यदि दो-तिहाई बहुमत का समर्थन जुटा लेती है तो आगामी शीतकालीन सत्र में परिसीमन विधेयक पेश किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि परिसीमन नहीं होने पर साल 2029 के लोकसभा चुनाव में महिलाओं को आरक्षण देना कठिन हो जाएगा। सरकार परिसीमन के साथ महिला आरक्षण विधेयक भी आगे लाएगी। आठवले ने कहा कि यदि 273 महिलाएं संसद में पहुंचती हैं, तो इससे बड़ी क्रांति आएगी और इस दिशा में प्रयास जारी हैं।
विपक्ष पर विधेयक गिराने की कोशिश का आरोप
उन्होंने कहा कि विपक्ष को आशंका थी कि कानून से भाजपा और राजग को अधिक लाभ होगा। जब यह मुद्दा पहले आया था, तब सरकार के पास इतना समर्थन नहीं था। उन्होंने कहा कि इसी कारण राहुल गांधी और विपक्ष ने विधेयक गिराने का प्रयास किया।
सरकार के बढ़ते संख्या बल का हवाला देते हुए आठवले ने कहा कि अब स्थिति बदल रही है। उनका दावा है कि ममता बनर्जी की पार्टी के कुछ सदस्य, महाराष्ट्र में शिवसेना और आम आदमी पार्टी के सदस्य उनके साथ जुड़े हैं। द्रमुक अभी कांग्रेस के साथ आइएनडीआइए गठबंधन में नहीं है।
उन्होंने कहा कि उपलब्ध आंकड़ों के आधार पर आगामी शीतकालीन सत्र में विधेयक आने की संभावना है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।